डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को 6 पैसे टूटकर सार्वकालिक निचले स्तर 83.40 पर बंद हुआ। आयातकों में डॉलर की मजबूत मांग और घरेलू शेयर बाजारों में नरमी से रुपये में गिरावट आई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में घरेलू मुद्रा 83.33 के स्तर पर खुली। दिन के कारोबार में यह 83.33 से 83.40 के दायरे में रही। बृहस्पतिवार को रुपया 83.34 के स्तर पर बंद हुआ था।
नौ फीसदी घट सकता है गन्ना उत्पादन
कमजोर मानसून के कारण कम बुवाई होने से गन्ने के उत्पादन में गिरावट की आशंका है। सीएमआईई के आंकड़ों के मुताबिक, 2023-24 में गन्ना उत्पादन 9.3 फीसदी घटकर 44.5 करोड़ टन रहने का अनुमान है। एक साल पहले यह 11.6 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड 49 करोड़ टन रहा था। चीनी वर्ष अक्तूबर से सितंबर तक चलता है।
सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकनॉमी (सीएमआईई) के अनुसार, चालू मानसून में कम बारिश के कारण गन्ने की पैदावार पर असर पड़ने की आशंका है। साथ ही गन्ने के ज्यादा फसल को इथेनॉल उत्पादन के लिए भी उपयोग में लाया जा सकता है। इससे चीनी उत्पादन के लिए उपलब्ध मात्रा कम हो गई है। इस कारण चीनी उत्पादन और इसके निर्यात पर ज्यादा असर पड़ सकता है।
गन्ना उत्पादन वाले प्रमुख राज्यों उत्तर प्रदेश व कर्नाटक में कम बारिश से बुवाई घटी है। गन्ने के कुल उत्पादन की करीब 83 फीसदी खेती महाराष्ट्र, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में होती है। सरकार ने पहले अग्रिम अनुमान में गन्ने की पैदावार 43.48 करोड़ टन रहने की बात कही है। उत्तर प्रदेश में उत्पादन 7.4 फीसदी घटकर 20.77 करोड़ टन रहने का अनुमान है।
सरकारी बीमा कंपनियों के शेयर 20 फीसदी तक चढ़े
सरकारी बीमा कंपनियों के शेयरों में शुक्रवार को 20 फीसदी तक उछाल देखा गया। इस वजह से भारतीय जीवन बीमा निगम यानी एलआईसी का शेयर 9.69 फीसदी बढ़कर 677.65 रुपये पर पहुंच गया। न्यू इंडिया एश्योरेंस का शेयर 20 फीसदी के अपर सर्किट के साथ 209 रुपये के पार बंद हुआ। इसके साथ ही एलआईसी की पूंजी एक दिन में 37,855 करोड़ बढ़कर 4.28 लाख करोड़ रुपये हो गई।
न्यू इंडिया एश्योरेंस का शेयर एक साल के उच्च स्तर पर पहुंच गया है। 5 दिन में इसमें 36 फीसदी की तेजी आई है। जनरल इंश्योरेंस के शेयरों में भी 16.70 फीसदी की तेजी आई और यह 307 रुपये के पार बंद हुआ। हालांकि, दिन में यह 20 फीसदी के अपर सर्किट के साथ एक साल के उच्च स्तर 316 रुपये तक पहुंच गया था। इन शेयरों में तेजी इसलिए आई क्योंकि इसमें जनता की हिस्सेदारी काफी कम है।
पावर ग्रिड पर 5.42 लाख रुपये जुर्माना
बीएसई व एनएसई ने पावर ग्रिड कॉरपोरेशन पर 5.42 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना कंपनी के निदेशक मंडल में एक महिला समेत जरूरी संख्या में स्वतंत्र निदेशकों की नियुक्ति नहीं करने पर लगाया गया। कंपनी को 21 नवंबर को नोटिस मिला।
सोना सस्ता, चांदी के दाम 200 रुपये घटे
दिल्ली सराफा बाजार में शुक्रवार को सोना 50 रुपये घटकर 62,120 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव रहा। चांदी भी 200 रुपये सस्ती होकर 76,200 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव रही। वैश्विक बाजार में सोना कमजोरी के साथ 1,992 डॉलर प्रति औंस रहा।
पीएनबी हाउसिंग 3,500 करोड़ जुटाएगी
पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस एनसीडी के जरिये 3,500 करोड़ जुटाएगी। कंपनी के बोर्ड ने इसे मंजूरी दे दी है। कंपनी ने शेयर बाजारों को दी सूचना में बताया, यह फंड कई चरणों में अगले छह माह में जुटाया जाएगा। इससे कारोबार को मजबूती मिलेगी।