देश में 15 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों की बेरोजगारी दर नवंबर, 2023 में घट सकती है। ग्रामीण इलाकों में बेरोजगारी बढ़ने से यह अक्तूबर में 29 महीने के उच्च स्तर 10.1 फीसदी पर पहुंच गई थी। सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकनॉमी (सीएमआईई) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, इस महीने के पिछले तीनों सप्ताह (19 नवंबर तक) के दौरान औसत बेरोजगारी दर 10 फीसदी से नीचे रही है। ऐसे में नवंबर में बेरोजगारी दर कम होकर करीब 9 फीसदी रहने की उम्मीद है।
आंकड़ों के मुताबिक, 19 नवंबर तक तीनों सप्ताह को मिलाकर देश की औसत बेरोजगारी दर 8.8 फीसदी रही। 5 नवंबर को समाप्त पहले सप्ताह में यह दर 9.1 फीसदी रही। 12 नवंबर को समाप्त सप्ताह में देश में बेरोजगारी दर 0.4 फीसदी बढ़कर 9.5 फीसदी पर पहुंच गई। तीसरे सप्ताह में यह दर 1.6 फीसदी की गिरावट के साथ 7.9 फीसदी पर आ गई।
शहरों के मुकाबले गांवों में बेहतर रहेगी स्थिति
सीएमआईई ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि अक्तूबर की तुलना में नवंबर में ग्रामीण इलाकों में बेरोजगारी घटने की संभावना है, जबकि शहरी बेरोजगारी बढ़ सकती है। नवंबर के पहले तीन सप्ताह में ग्रामीण इलाकों में औसत बेरोजगारी दर 8.4 फीसदी रही। यह अक्तूबर के 10.8 फीसदी से कम है। वहीं, शहरी इलाकों में 19 नवंबर तक बेरोजगारी दर औसतन 9 फीसदी से ज्यादा रही। अक्तूूबर में शहरी बेरोजगारी दर 8.4 फीसदी रही थी। 19 नवंबर तक तीन सप्ताह में ग्रामीण इलाकों में रोजगार मिलने की औसत दर 38.2 फीसदी से बढ़कर 38.4 फीसदी के स्तर पर पहुंच गई। शहरों में यह घटकर 35.1 फीसदी रही।
कम रह सकती है श्रम भागीदारी
रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर में ग्रामीण और शहरी इलाकों दोनों में श्रम भागीदारी दर (एलपीआर) घट सकती है। इस महीने के पहले तीन सप्ताह के दौरान शहरी इलाकों में एलपीआर 39.4 फीसदी से घटकर औसतन 38.9 फीसदी पर आ गई। ग्रामीण इलाकों में औसत एलपीआर 41.9 फीसदी रही, जो अक्तूबर के 42.8 फीसदी से कम है।