फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तेल के दाम: चेन्नई में पेट्रोल 100 रुपये लीटर के पार, दिल्ली और कोलकाता में 99 रुपये पर पहुंचा

Fri, 02 Jul 2021 07:00 PM IST
सुरेंद्र जोशी पीटीआई, नई दिल्ली

सार

शुक्रवार को पेट्रोल के दाम फिर बढ़े। इससे चेन्नई के अलावा पंजाब व केरल के कुछ शहरों में दाम 100 रुपये लीटर से ज्यादा हो गए। चार महानगरों में से अब दिल्ली व कोलकाता में ही यह 100 से मामूली नीचे है। 
 
विज्ञापन
पेट्रोल-डीजल - फोटो : iStock
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश में ईंधन के दाम शुक्रवार को एक बार फिर बढ़ गए। इस कारण पेट्रोल की कीमत चेन्नई के साथ-साथ पंजाब व केरल के कुछ शहरों में 100 रुपये लीटर पार कर गई। दिल्ली और कोलकाता में पेट्रोल 99 रुपये प्रति लीटर से ऊपर पहुंच गया है। केवल इन्हीं दो महानगरों में पेट्रोल की कीमत अब तक 100 रुपये लीटर पर नहीं पहुंची है।
विज्ञापन


सार्वजनिक क्षेत्र की खुदरा ईंधन कंपनियों की अधिसूचना के अनुसार पेट्रोल के दाम में शुक्रवार को 35 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हुई। हालांकि, डीजल की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ। इससे पहले, बृहस्पतिवार को घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की कीमत में 25.50 रुपये प्रति सिलेंडर (14.2 किलो) की वृद्धि की गई। दिल्ली में सब्सिडी और बिना सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 834.50 रुपये है।

दो माह मे 33 बार बढ़े पेट्रोल के भाव
पिछले दो महीनों में पेट्रोल के दाम में 33 बार वृद्धि की जा चुकी है। इससे देश के कई भागों में ईंधन की कीमत नई ऊंचाई पर पहुंच गई। 33 बार में पेट्रोल 8.76 रुपये लीटर जबकि 32 बार की वृद्धि में डीजल 8.45 लीटर महंगा हुआ है।चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 100.13 रुपये लीटर पहुंच गई जबकि डीजल 93.72 रुपये प्रति लीटर पर बरकरार है। दिल्ली में पेट्रोल 99.16 रुपये लीटर जबकि कोलकाता में 99.04 रुपये प्रति लीटर पर पहुंचा है। मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और पुणे जैसे अन्य महानगरों में पेट्रोल पिछले महीने ही 100 रुपये लीटर से ऊपर निकल गया।
विज्ञापन


माल ढुलाई शुल्क और मूल्य वर्धित कर (वैट) जैसे स्थानीय करों की दर अलग-अलग होने के कारण विभिन्न राज्यों में ईंधन की कीमत अलग-अलग होती है। इसी कारण पंजाब में कुछ जगहों तथा पूरे केरल में पेट्रोल 100 रुपये लीटर के ऊपर पहुंच गया है। पंजाब के जालंधर में पेट्रोल 100.22 रुपये लीटर जबकि केरल के तिरूवनंतपुरम में 101.14 रुपये लीटर है।

इन राज्यों में 100 के पार
ताजा मूल्य वृद्धि के साथ राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, जम्मू कश्मीर, ओड़िशा, तमिलनाडु, केरल, बिहार, पंजाब और लद्दाख में पेट्रोल 100 रुपये लीटर से ऊपर पहुंच गया है। पुडुचेरी और गंगटोक में यह 99 रुपये प्रति लीटर से ऊपर है।

राजस्थान व ओडिशा में डीजल भी 100 रुपये पार
डीजल के दाम राजस्थान के श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों तथा ओड़िशा के कुछ भागों में 100 रुपये लीटर को पार कर गये हैं। शुक्रवार को ईंधन के दाम में वृद्धि चार मई से 33वीं वृद्धि है। इससे पहले, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में विधानसभा चुनावों के कारण 18 दिनों तक ईंधन के दाम में कोई बदलाव नहीं हुए थे। तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार में मानक ईंधन के पिछले 15 दिनों के औसत मूल्य और विदेशी विनिमय दर के आधार पर पेट्रोल और डीजल के दाम दैनिक आधार पर संशोधित करती हैं।

कच्चा तेल 75 डॉलर पर पहुंचा
मांग में सुधार के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल के दाम में हाल में तेजी आई है। मानक ब्रेंट क्रूड अप्रैल 2019 के बाद पहली बार 75 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें