पेटीएम ब्रांड का स्वामित्व रखने वाली कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड के शेयरों में शुक्रवार को और 20 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। कंपनी के शेयरों में लगातार दूसरे दिन आई यह गिरावट रिजर्व बैंक की ओर से पेटीएम पेमेंट बैंक लिमिटेड (पीपीबीएल) को 29 फरवरी के बाद किसी भी ग्राहक खाते, वॉलेट, फास्टैग और अन्य उपकरणों में जमा या टॉप-अप स्वीकार करना बंद करने का निर्देश देने के बाद आई है।
पेटीएम के संस्थापक विजय शेखर शर्मा ने उपयोगकर्ताओं की चिंताओं को दूर करने की कोशिश करते हुए शुक्रवार को कहा कि एप 29 फरवरी के बाद भी काम करना जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि भले ही भारतीय रिजर्व बैंक ने मार्च से फिनटेक कंपनी के सहयोगी बैंक पर कुछ प्रतिबंध लगाए हों पर इससे कंपनी के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा और आपका पसंदीदा एप जैसे अभी काम कर रहा है, हमेशा यानी 29 फरवरी के बाद भी काम करता रहेगा।
पेटीएम के संस्थापक विजय शेखर शर्मा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "पेटीएम टीम के हर सदस्य के साथ आपके अथक समर्थन के लिए आपको सलाम करता हूं। हर चुनौती के लिए, एक समाधान है और हम ईमानदारी से अपने राष्ट्र की सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"