पेटीएम की पैतृक कंपनी वन 97 कम्यूनिकेशन लिमिटेड के शेयरों में हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन मजबूती दिखी। पेटीएम को एनपीसीआई ने गुरुवार को थर्ड पार्टी एप्लिकेशन प्रोवाइडर के रूप में सेवाएं देने की मंजूरी दी थी। इसके बाद शुक्रवार को कंपनी के शेयरों में पांच प्रतिशत तक की मजबूती दिखी। आरबीआई की ओर से पेटीएम की सहयोगी इकाई पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर कार्रवाई के बाद कंपनी के शेयरों में लगातार गिरावट दर्ज की गई थी। पेटीएम पेमेंट्स बैंक के परिचालन पर रोक के बाद पेटीएम टीपीएसी का दर्जा प्राप्त होने से अपनी वर्तमान सेवाएं देना जारी रख सकेगा।
हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को पेटीएम की पैतृक कंपनी वन 97 कम्यूनिकेशन लिमिटेड के शेयर पांच प्रतिशत की अपर सर्किट के साथ कारोबार करते दिखे। बीएसई पर कंपनी के शेयरों में 370.9 रुपये के भाव पर जबकि एनएसई पर 370.7 रुपये के भाव पर कारोबार करता दिखा।
कल यानी 16 मार्च से आरबीआई के दिशा-निर्देशों के तहत पेटीएम पेमेंट्स बैंक की सेवाओं का परिचालन बंद हो जाएगा। हालांकि इसके बावजूद पेटीएम से जुड़ी यूपीआई, साउंट बॉक्स और क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान जैसी सेवाएं पहले की भांति जारी रहेंगी। दूसरी ओर, मॉर्गन स्टेनली ने पेटीएम के शेयरों पर 555 रुपये के टारगेट प्राइस का अनुमान जताया है। एजेंसी के अनुसार कंपनी के शेयरों में वर्तमान स्तर से 57.1% तक का उछाल आ सकता है।