अडाणी एंटरप्राइजेस लि. के पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लि. (AAHL) ने अब मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लि.(एमआईएएल) का प्रबंधन अपने हाथ में ले लिया। अब तक इस एयरपोर्ट का संचालन जीवीके समूह द्वारा किया जाता था।
भारत के 2024 तक दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा विमानन बाजार बनने के साथ, अडाणी समूह के छह हवाई अड्डों के मौजूदा पोर्टफोलियो में मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को शामिल करना और
इसके बाद ग्रीनफील्ड नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड का संचालन एक उपलब्धि होगी।
अडाणी समूह के अध्यक्ष गौतम अडाणी ने इस मौके पर कहा 'हमारी हवाई अड्डे के विस्तार की रणनीति का उद्देश्य हमारे देश के टियर 1 शहरों को हब और स्पोक मॉडल में टियर 2 और टियर 3 शहरों के साथ जोड़ने में मदद करना है। यह भारत के शहरी-ग्रामीण विभाजन के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक समानता को सक्षम करने के लिए मौलिक है। हमारे हवाई अड्डे के बुनियादी ढांचे से हजारों नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
इन एयरपोर्ट का संचालन करती है एएएचएल
अडाणी समूह की कंपनी अडाणी एयरपोर्ट्स वर्तमान में छह हवाई अड्डों-अहमदाबाद, लखनऊ, मंगलुरू, जयपुर, गुवाहाटी, तिरुवनंतपुरम का संचालन करती है। उसे ये एयरपोर्ट भारतीय एयरपोर्ट प्राधिकरण द्वारा निकाले गए वैश्विक टेंडर के जरिए 50 साल तक संचालन के लिए मिले हैं। मुंबई एयरपोर्ट मंगलवार से उसके हाथ में आया है और नवी मुंबई एयरपोर्ट का निर्माण वह शुरू करने जा रही है। इस तरह कंपनी के पास कुल आठ एयरपोर्ट होंगे।