धनतेरस व दिवाली को लेकर मजबूत मांग से सोने व चांदी की कीमतें सोमवार को सार्वकालिक ऊंचाई पर पहुंच गईं। दिल्ली सराफा बाजार में सोना 750 रुपये महंगा होकर 80,650 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ। चांदी भी एक दिन में 5,000 रुपये महंगी होकर एक लाख रुपये किलो के करीब पहुंच गई।
त्योहारी सीजन में मजबूत मांग के कारण धनतेरस से पहले सोने और चांदी की कीमतें सार्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं। लगातार चौथे कारोबारी सत्र में बढ़त जारी रखते हुए सोना 80,600 रुपये के पार निकल गया और चांदी भी एक दिन में 5,000 रुपये के बड़े उछाल के साथ एक लाख के करीब पहुंच गई।
विज्ञापन
त्योहारी और शादियों के सीजन के दौरान मांग को पूरा करने के लिए स्थानीय आभूषण निर्माताओं की ओर से खरीदारी बढ़ाने से सोमवार को दिल्ली सराफा बाजार में सोना 750 रुपये महंगा होकर 80,650 रुपये प्रति 10 ग्राम की नई ऊंचाई पर पहुंच गया। चांदी भी 5,000 रुपये महंगी होकर 99,500 रुपये प्रति किलोग्राम के सार्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गई।
कमोडिटी बाजार के विशेषज्ञों ने कहा, मजबूत औद्योगिक मांग के कारण चांदी की कीमतों में एक दिन में बड़ी तेजी दर्ज की गई है। आगे भी चांदी को लेकर रुख मजबूत दिखाई दे रहा है। पिछले कारोबारी सत्र में यानी शुक्रवार को सोना 79,900 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 94,500 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव बंद हुई थी।
750 रुपये महंगा होकर सोना 80,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा।
99,500 रुपये प्रति किलो के भाव पहुंची चांदी
चार सत्रों में 7000 रुपये महंगी हुई चांदी; सोने में 2000 रुपये उछाल
इन वजहों से बहुमूल्य धातुओं में तेजी
पश्चिम एशिया में तनाव के बीच शेयर बाजारों में गिरावट ने सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग को बढ़ा दिया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवारों की जीत लेकर अनिश्चितता का माहौल है।
केंद्रीय बैंकों की ओर से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद से सोने को समर्थन।
वैश्विक चुनौतियों के बीच केंद्रीय बैंकों ने सोने की खरीदारी बढ़ा दी है।
34 डॉलर के स्तर को पार करने से चांदी में नई खरीदारी शुरू हो गई है, क्योंकि बाजार भागीदारों को आगे और तेजी जारी रहने की उम्मीद दिख रही है।
ई-वाहन क्षेत्र व फोटोवोल्टिक अनुप्रयोगों की बढ़ती मांग के कारण चांदी में उछाल। मध्यम से लंबी अवधि में वैश्विक मांग बनी रहने की उम्मीद है।
आरबीआई ने इस साल खरीदा 54.7 टन सोना
विज्ञापन
विश्व स्वर्ण परिषद के मुताबिक, आरबीआई ने इस साल अब तक कुल 54.7 टन सोना खरीदा है। यह सालाना आधार पर 6 फीसदी अधिक और तीन साल में सबसे अधिक खरीदारी है। इससे आरबीआई का कुल स्वर्ण भंडार बढ़कर 858.3 टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।