सिस्टमेटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (एसआईपी) म्यूचुअल फंड में व्यवस्थित रूप से निवेश करने का एक कुशल तरीका प्रदान करता है। यह वित्तीय लक्ष्यों को पाने का एक शक्तिशाली उपकरण है, जो भाइयों को अपनी बहनों की यात्रा, कारोबार की शुरुआत या अन्य आकांक्षाओं को पूरा करने में सक्षम बना सकता है।
स्वास्थ्य बीमा
अपनी बहन को अनिश्चितताओं से बचाने के लिए उन्हें स्वास्थ्य बीमा भी उपहार में दे सकते हैं। अगर उनके पास पहले की कोई स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी हो तो उसका प्रीमियम आप चुका सकते हैं। यह उपहार आपकी बहन को बीमारियों पर होने वाले भारी-भरकम खर्च से बचाएगा।
डिजिटल सोना
उपहार के रूप में आमतौर पर सोने के गहने देने का चलन है। इस बार आप चाहें तो अपनी बहन को डिजिटल सोना उपहार में दे सकते हैं। इसमें न तो मेकिंग शुल्क का झंझट रहता है और न ही गहनों के चोरी होने का।
बैंक का बचत खाता
बहन के पास बैंक खाता नहीं है तो आप उनके नाम पर बैंक खाता खोलकर उपहार दे सकते हैं। उसमें आप अपनी मर्जी से जितना चाहे, पैसा जमा कर सकते हैं। इस पर मिलने वाले ब्याज का इस्तेमाल आपकी बहन को वित्तीय रूप से मजबूत बनाने में मददगार होगा।
फिक्स्ड डिपॉजिट
आप एक निश्चित अवधि के लिए अपनी बहन के नाम पर फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) खोलकर उन्हें खास तोहफा दे सकते हैं। एफडी में बचत खाते से ज्यादा ब्याज मिलता है।
शेयर
इस रक्षाबंधन आप चाहें तो अपनी बहनों को शेयर भी उपहार में दे सकते हैं। बाजार की स्थिति को देखते हुए यह एक अच्छा विकल्प है। आप लंबे समय के निवेश विकल्पों को देखते हुए ब्लू चिप कंपनियों के शेयर बहन को उपहार में दे सकते हैं।
...तो जीवनभर हर साल मिलता रहेगा पैसा
भाई रक्षाबंधन पर अपनी बहनों को आमतौर पर पारंपरिक उपहार देते हैं। लेकिन, अब इसमें बदलाव का समय आ गया है। बहनों को कपड़ा, पर्स और अन्य सामान तोहफे में देने से अच्छा है कि उन्हें कुछ ऐसा उपहार दिया जाए, जिससे वे वित्तीय रूप से मजबूत बनें। आप चाहें तो इस बार रक्षाबंधन पर बहनों को भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का जीवन उमंग प्लान उपहार में दे सकते हैं। इसमें अगर आप 15 साल तक एक-एक लाख रुपये प्रीमियम भरते हैं तो 15 साल बाद बहन को जीवनभर सालाना एक लाख रुपये मिलेंगे। उनके नहीं रहने पर उनके नॉमिनी पर ब्याज समेत कुल जमा पैसा मिल जाएगा।
-स्वीटी मनोज जैन, निवेश सलाहकार