फ्रांस की दिग्गज ऊर्जा कंपनी टोटल ने सोमवार को गौतम अडाणी की अगुवाई वाली अडाणी गैस में 37.4 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने की घोषणा की है। दोनों कंपनियों ने एक साल पहले ही प्राकृतिक गैस के आयात और उसकी खुदरा बिक्री के लिए बराबर की हिस्सेदारी वाली कंपनी बनाने की घोषणा की थी।
अडाणी समूह के अध्यक्ष गौतम अडाणी ने बताया कि ऊर्जा क्षेत्र की दुनियाभर में अग्रणी कंपनी टोटल के साथ रणनीतिक साझेदारी की गई है। इसके तहत टोटल अडाणी गैस कंपनी में 37.4 फीसदी शेयर खरीदेगी, जिसमें से 25.2 फीसदी हिस्सेदारी ओपन ऑफर के जरिये ली जाएगी, शेष 12.2 फीसदी हिस्सेदारी अडाणी परिवार से खरीदी जाएगी।
हालांकि, यह सौदा कितने में हुआ है, इसका खुलासा नहीं किया गया है। सौदे के बाद टोटल और अडाणी परिवार के पास 37.4-37.4 फीसदी शेयर रहेंगे जबकि 25.2 फीसदी हिस्सेदारी आम निवेशकों के पास रहेगी।
सालाना ग्रोथ पांच फीसदी से ज्यादा
देश का नेचुरल गैस मार्केट तेजी से बढ़ रहा है। कुल ऊर्जा खपत में इसकी सात फीसदी हिस्सेदारी है, लेकिन पिछले तीन साल में पांच फीसदी से ज्यादा सालाना ग्रोथ दर्ज की गई। सरकार ने 2030 तक ऊर्जा खपत में नेचुरल गैस का शेयर 15 फीसदी पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है।