दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति और स्पेसएक्स व इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी टेस्ला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलन मस्क ने फिर कंपनी के अपने शेयर बेचे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इस बार मस्क ने 1.2 अरब डॉलर के शेयर बेचे हैं। गौरतलब है कि बीते हफ्ते भी उन्होंने 1.1 अरब डॉलर के शेयर बेचे थे।
ट्विटर पर लोगों की राय के बाद बेचे शेयर
एलन मस्क ने टेस्ला के अपने शेयरों की बिक्री से पहले ट्विटर पर लोगों की राय मांगी थी। इस ट्विटर पोल पर मिली राय के बाद उन्होंने इन शेयरों की बिक्री शुरू की। बता दें कि मस्क ने अब तक लगभग 6.9 अरब डॉलर कीमत के टेस्ला इंक के शेयर बेचे हैं। यह एक मुख्य कार्यकारी द्वारा अब तक के सबसे बड़े स्टॉक डिस्पोजल में से एक है।
58 फीसदी लोग थे शेयर बेचने के पक्ष में
ट्विटर पोल की बात करें तो एलन मस्क ने कंपनी में अपनी 10 फीसदी हिस्सेदारी बेचने का प्रस्ताव रखा था। इस पर सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने इसका समर्थन करते हुए अपनी राय साझा की। ट्विटर पोल में सबसे ज्यादा वोट हां के पक्ष में दिखे। 35 लाख से ज्यादा वोटों में से करीब 58 फीसदी ने मस्क को स्टॉक बेचने के लिए कहा था।
जानें कितनी है एलन मस्क की संपत्ति
एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं, उनकी कुल संपत्ति 285 अरब डॉलर से ज्यादा है। बता दें कि 300 अरब डॉलर का आंकड़ा पार करने वाले मस्क दुनिया के पहले व्यक्ति भी हैं। इस साल मस्क की संपत्ति में तेजी बढ़ोतरी हुई है। हालांकि शेयर बिक्री के बाद से टेस्ला इंक के शेयरों में गिरावट आई है और बीते एक हफ्ते में ही कंपनी के शेयर 15 फीसदी से ज्यादा टूट चुके हैं।
यह है शेयर बेचने की वजह
अमेरिका के प्रतिभूति आयोग में फाइल की गई रिपोर्ट के अनुसार टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने 934,091 शेयर बेचे हैं। इस बिक्री के बाद टेस्ला का बाजार पूंजीकरण 1 लाख करोड़ डॉलर रह गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, मस्क ने अपनी टैक्स देनदारियों को पूरा करने के इरादे से करीब 6923 करोड़ रुपये के ये शेयर बेचे हैं।
जानें क्या है पूरा मामला
शेयरों के स्टॉक ऑप्शन के एक्सरसाइज प्राइस और फेयर मार्केट वैल्यू के बीच के अंतर के बराबर एलन मस्क को इनकम टैक्स देना है। साल 2012 में एलन मस्क को टेस्ला ने स्टॉक ऑप्शन दिया था। इसके तहत मस्क को सिर्फ 6.24 डॉलर प्रति शेयर की कीमत पर 2.28 करोड़ शेयर खरीदने का ऑप्शन यानी विकल्प दिया गया था। ये ऑप्शन अगले साल एक्सपायर हो रहे थे। अमेरिकी नियम के मुताबिक ऐसा करते समय उन्हें साल 2012 और 2021 के बीच शेयर कीमत के अंतर यानी कैपिटल गेन पर 50 फीसदी से भी ज्यादा की दर से टैक्स देना चाहिए।