साल 2021 में आईपीओ की बहार देखने को मिली, वहीं इस साल भी एलआईसी समेत कई बड़े आईपीओ पेश होने की तैयारी है। इस क्रम में साल की शुरुआत में एक बड़े आईपीओ को बाजार नियामक सेबी की मंजूरी मिल गई है। जी हां, आईपीओ के जरिये लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की यूनिकॉर्न कंपनी डेल्हीवरी स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टिंग की तैयारी में है। सेबी ने इस पर मुहर लगा दी है।
2019 में कंपनी बनी थी यूनिकॉर्न
साल 2019 में यूनिकॉर्न बनी लॉजिस्टिक्स क्षेत्र से जुड़ी कंपनी डेल्हीवरी जल्द अपना आईपीओ लेकर आएगी। कंपनी के 7,460 करोड़ रुपये की इनीशियल पब्लिक ऑफरिंग (आईपीओ) के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही डेल्हीवरी इस साल की पहली ऐसी कंपनी बन गई है, जिसे घरेलू बाजार पर लिस्टिंग के लिए सेबी की मंजूरी मिल गई है। सॉफ्टबैंक और कार्लाइल द्वारा समर्थित कंपनी ने नवंबर में अपने डीएचआरपी में बताया था कि उसकी शेयरों के नए इश्यू से 5,000 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी है, जबकि ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) करीब 2,460 करोड़ रुपये का होगा।
इस साल कतार में और भी कई आईपीओ
गौरतलब है कि डेल्हीवरी एक लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चैन कंपनी है, जिसे सोफ्टबैंक, टाइगर ग्लोबल मैनेजमेंट और कार्लाइल का समर्थन प्राप्त है। इससे पहले कंपनी ने 29 सितंबर को हुई ईजीएम में पारित किए गए एक प्रस्ताव के जरिए शेयरधारकों को बोनस शेयर जारी किए थे। कंपनी की 400-500 मिलियन डॉलर की रेंज में प्राइमेरी इश्यू जारी करने की योजना है। इस साल एलआईसी, स्नैपडील, ओला और रिलायंस समेत कई बड़ी कंपनियों के आईपीओ दस्तक देने वाले हैं। यानी निवेशकों की खूब कमाई होने वाली है।