बायजू के नाम से बाजार में कारोबार कर रही एडटेक कंपनी थिंक एंड लर्न ने मंगलवार को बताया है कि वित्त वर्ष 2022 में उसका परिचालन घाटा बढ़कर 6,679 करोड़ रुपये हो गया। थिंक एंड लर्न ने वित्त वर्ष 2021 में 4,143 करोड़ रुपये का परिचालन घाटा (EBITDA) दर्ज किया, कंपनी ने एक नियामक फाइलिंग में इसकी जानकारी दी। कंपनी का राजस्व वित्तीय वर्ष 21 के ₹2,428.39 करोड़ की तुलना में वित्तीय वर्ष 22 में ₹5,298.43 करोड़ हो गया जो कि दोगुने से अधिक है।
नरेश गोयल ने अदालत से मांगी एंडोस्कोपी की इजाजत
जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल ने मंगलवार को विशेष अदालत से मुंबई के एक निजी अस्पताल में एंडोस्कोपी प्रक्रिया कराने की अनुमति मांगी। विशेष अदालत ने मामले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को बुधवार को उनकी याचिका पर जवाब देने का निर्देश दिया। चार महीने से अधिक समय से जेल में बंद 74 वर्षीय गायल को इस महीने की शुरुआत में अदालत ने यहां एक निजी अस्पताल में कई चिकित्सा जांच कराने की अनुमति दी थी। गोयल ने मंगलवार को धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) से संबंधित मामलों की सुनवाई कर रही एक विशेष अदालत के समक्ष एंडोस्कोपी कराने का की इजाजत देने की मांग करते हुए एक आवेदन दायर किया था।
सोने-चांदी के पिन व सिक्कों पर लगेगा 15 फीसदी आयात शुल्क
सरकार ने सोने व चांदी के पिन-हुक जैसे उत्पादों (फाइंडिग्स) और सिक्कों पर आयात शुल्क बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया है। इसमें पांच फीसदी कृषि अवसंरचना विकास उपकर (एआईडीसी) भी लगाया गया है।
केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) ने एक अधिसूचना में कहा, कीमती धातुओं वाले प्रयुक्त उत्प्रेरकों पर भी आयात शुल्क बढ़ाया गया है। अब इस पर 4.35 फीसदी एआईडीसी लगाया गया है। कीमती धातुओं पर आयात शुल्क को सराफा के बराबर लाने के मकसद से 10 फीसदी के मूल सीमा शुल्क के अतिरिक्त एआईडीसी लगाया गया है। अतिरिक्त शुल्क 22 जनवरी से लागू हो गया है। सरकार ने 2021-22 के बजट में कृषि अवसंरचना के वित्तपोषण के लिए कुछ उत्पादों पर आईडीसी लगाने का प्रस्ताव किया था।
डॉलर की तुलना में रुपया 8 पैसे कमजोर
डॉलर के मुकाबले रुपया मंगलवार को 8 पैसे कमजोर होकर 83.15 पर बंद हुआ। कच्चे तेल में तेजी और घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट से रुपये पर दबाव बढ़ा। अंतरबैंक विदेशी विनिमय मुद्रा बाजार में रुपया 83.11 पर खुला। कारोबार के दौरान 83.06 से 83.17 के दायरे में रहा।
एक्सिस बैंक का लाभ बढ़कर 6,071 करोड़
एक्सिस बैंक का एकल शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 4 फीसदी बढ़कर 6,071 करोड़ रुपये पहुंच गया। कुल आय 26,798 करोड़ से बढ़कर 33,516 करोड़ पहुंच गई। बैंक का सकल एनपीए भी 2.38 फीसदी से घटकर 1.58 फीसदी रह गया।
एयरटेल ने समय से पहले किया भुगतान
भारती एयरटेल ने 2015 की नीलामी में मिले स्पेक्ट्रम से जुड़े देनदारियों में से दूरसंचार विभाग को 8,325 करोड़ का समय से पहले भुगतान कर दिया है। यह 10 फीसदी ब्याज लागत पर था। कंपनी ने नीलामी में 29,129.08 करोड़ मूल्य के स्पेक्ट्रम हासिल किए थे।
अब ईबे ने 1000 लोगों की छंटनी का किया एलान
छंटनी की होड़ धीमी होने का कोई संकेत नहीं दिखा रही है। साल के लगभग हर दूसरे दिन अब तक किसी न किसी टेक कंपनी ने नौकरियों को खत्म करने की घोषणा की है। गूगल, अमेज़ॅन, ज़ेरॉक्स और कई अन्य ने कहा है कि वे सैकड़ों कर्मचारियों की छंटनी कर रहे हैं। सूची में शामिल होने वाला नया नाम ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ईबे है। ईबे के सीईओ जेमी इयानोन ने कंपनी की वेबसाइट पर एक पत्र प्रकाशित किया जिसमें खुलासा किया गया कि करीब 1,000 नौकरियों में कटौती की जा रही है। इयानोन ने पत्र में कहा, "ये ऐसी कार्रवाइयाँ नहीं हैं जिन्हें हम हल्के में लेते हैं- और हम सभी ईबेयर्स पर पड़ने वाले प्रभाव को जानते हैं। हमें उन लोगों को अलविदा कहना होगा जिन्होंने ईबे समुदाय और संस्कृति में इतने महत्वपूर्ण योगदान दिए हैं, और यह आसान नहीं है।"