वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को संसद में पूर्ण बजट पेश किया। बजट में जहां कई चीजें सस्ती हुई, वहीं कुछ सामान महंगे हुए। इन चीजों का आप पर सीधा असर पड़ेगा। आम जनता को एक ओर जहां इलेक्ट्रिक वाहन और इलेक्ट्रिक वाहन पार्ट्स, धूपबत्ती, चश्मों के फ्रेम, बोतल कंटेनर, आदि के लिए कम पैसे चुकाने होंगे, वहीं सोना, चांदी के आभूषण, मार्बल और कई उत्पादों के लिए अब आपको ज्यादा पैसे चुकाने पड़ेंगे। इनमें सिगरेट और तंबाकू भी शामिल हैं। स्वास्थ्य की तरह ही अब आपकी जेब के लिए भी सिगरेट, तंबाकू व हुक्का हानिकारक होगा।
सरकार ने बजट में सिगरेट पर पांच रुपये प्रति हजार से लेकर 10 रुपये प्रति हजार तक एक्साइज ड्यूटी बढ़ा दी है। बता दें कि इससे पहले ज्यादातर सिगरेट पर एक्साइज ड्यूटी शून्य थी। सरकार का मकसद धूम्रपान को रोकना और जनता की सेहत सुधारने का है। सिगरेट के दाम बढ़ाने से लोग इसे कम खरीदेंगे। इसके साथ ही बीड़ी पर भी सरकार ने एक्साइज ड्यूटी बढ़ा दी है। सिगरेट और बीड़ी के अतिरिक्त हुक्के का दाम भी बढ़ गया है।