भारत के दूसरे सबसे अमीर उद्योगपति गौतम अदाणी की दौलत घट गई है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिकअदाणी समूह के मुखिया की दौलत में 1.53 अरब डॉलर की कमी आई है। इसका असर यह हुआ है कि वह विश्व के रईसों की सूची में 13 वीं पायदान से एक नीचे उतरकर 14 वीं पायदान पर आ गए हैं। उन्हें चीन के एक अरबपति कारोबारी ने पछाड़ा है।
ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक गौतम अदाणी की दौलत 76.3 अरब डॉलर है। उनकी वैश्विक रैंकिंग में एक अंक की कमी आई है। वह अब तक दुनिया के 13 वें सबसे दौलतमंद थे, जो अब 14 वें हो गए हैं। अदाणी को चीन में बोतलबंद पानी का कारोबार करने वाले अरबपति कारोबारी झोंग शांशान ने पछाड़ दिया। शांशान के पास 77.5 अरब डॉलर की संपत्ति है। अब वह विश्व के 13वें सबसे अमीर अरबपति बन गए हैं।
मुकेश अंबानी विश्व के 12 वें और एशिया के सबसे अमीर
देश के सबसे धनी उद्योगपति मुकेश अंबानी विश्व के 12वें सबसे अमीर अरबपति हैं। उनकी मौजूदा दौलत 87.1 अरब डॉलर है। वह एशिया के सबसे अमीर अरबपति बरकरार है।
जैक मा को टक्कर दे रहे अजीम प्रेमजी
उधर, चीन के अलीबाबा समूह के संस्थापक जैक मा को भारत के विप्रो समूह के प्रमुख अजीम प्रेमजी टक्कर दे रहे हैं। दोनों के बीच दौलत का अंतर बहुत कम हो गया है। जैक मा की दौलत 38.7 अरब डॉलर है। वह 32वें सबसे अमीर अरबपति हैं। वहीं, अजीम प्रेमजी 38.3 अरब डॉलर संपत्ति के मालिक होकर 33वें सबसे अमीर हैं।