सरकार ने विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में में सोमवार को लगातार तीसरे महीने चार प्रतिशत की कटौती की है। वहीं 19.2 किग्रा के वाणिज्यिक रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में 1.50 रुपये प्रति सिलेंडर की मामूली कटौती की गई है। हालांकि, घरेलू रसोई में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम के घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 903 रुपये प्रति सिलेंडर में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
सार्वजनिक क्षेत्र की खुदरा ईंधन कंपनियों की मूल्य अधिसूचना के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमत 4,162.5 रुपये या 3.9 प्रतिशत घटाकर 1,01,993.17 रुपये प्रति किलोलीटर कर दी गई है। जेट ईंधन की कीमतों में यह लगातार तीसरी मासिक कटौती है। नवंबर में एटीएफ की कीमत में करीब छह प्रतिशत (6,854.25 रुपये प्रति किलोलीटर) और दिसंबर में 5,189.25 रुपये या 4.6 प्रतिशत की कटौती की गई थी।
तीन बार की कटौती के बाद एक जुलाई से चार मासिक किस्तों में 29,391.08 रुपये प्रति किलोलीटर की वृद्धि में से करीब 45 प्रतिशत की कमी आई है। जेट ईंधन की कीमत में कमी, जो एयरलाइन की परिचालन लागत का 40 प्रतिशत है, पहले से ही वित्तीय रूप से तनावग्रस्त एयरलाइनों पर बोझ को कम करेगी। इसके साथ ही तेल कंपनियों ने होटल और रेस्तरां जैसे विभिन्न प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल होने वाले वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत में भी 1.50 रुपये प्रति सिलेंडर की कटौती की है।
राष्ट्रीय राजधानी में 19 किलोग्राम के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 1,755.50 रुपये और मुंबई में 1,708.50 रुपये होगी। इससे पहले 22 दिसंबर को सिलेंडर की कीमत में 39.5 रुपये प्रति सिलेंडर की कटौती की गई थी।
सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) हर महीने की पहली तारीख को रसोई गैस और एटीएफ की कीमतों में संशोधन करती हैं। 22 दिसंबर को किया गयाा संशोधन एक आउटलायर (बाहरी कारकों के कारण) था। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार 21वें महीने कोई बदलाव नहीं हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी में पेट्रोल की कीमत 96.72 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 89.62 रुपये प्रति लीटर है।
सार्वजनिक क्षेत्र की खुदरा ईंधन कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईंधन की कीमतों के 15 दिन के औसत के आधार पर रोजाना पेट्रोल और डीजल की कीमतों में संशोधन करना होता है, लेकिन उन्होंने छह अप्रैल, 2022 से ऐसा नहीं किया है।