अरबपति गौतम अदाणी के नेतृत्व वाला अदाणी समूह अपने विस्तार अभियान के तहत सीके बिड़ला समूह की कंपनी ओरिएंट सीमेंट का 8,100 करोड़ रुपये के मूल्यांकन पर अधिग्रहण करेगा। समूह ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।
सीमेंट कारोबार की दिग्गज कंपनी अंबुजा सीमेंट ओरियंट सीमेंट्स की कुल 46.8% हिस्सेदारी खरीदेगी। कंपनी ने अतिरिक्त 26% हिस्सेदारी हासिल करने की भी पेशकश की है। स्टॉक एक्सचेंज को भेजे गए कंपनी के बयान के अनुसार, "3-4 महीनों के भीतर, ओपन ऑफर प्रावधानों के अनुसार यह सौदा पूरा हो जाएगा। ओपन ऑफर 395.40 रुपये प्रति इक्विटी शेयर पर किया जा रहा है, जिसे SAST (Substantial Acquisition of Shares and Takeovers) विनियमों के अनुसार निर्धारित किया गया है।"
एक संयुक्त बयान के अनुसार, अदाणी समूह की स्टेप डाउन इकाई "अंबुजा सीमेंट अपने वर्तमान प्रमोटरों और कुछ सार्वजनिक शेयरधारकों से ओसीएल के 46.8 प्रतिशत शेयर का अधिग्रहण करेगी"। अधिग्रहण सौदे की घोषणा के बाद दोनों संबंधित सीमेंट कंपनियों के शेयर हरे निशान में कारोबार करते दिखे सुबह 9:20 बजे तक अंबुजा के शेयर 1.49% बढ़कर 580 रुपये पर पहुंच गए, जबकि ओरिएंट सीमेंट के शेयर 1.65% बढ़कर 358.25 रुपये पर कारोबार करते दिखे।
अदाणी समूह ने जून में 10,422 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर हैदराबाद स्थित पेन्ना सीमेंट के अधिग्रहण की घोषणा की थी, जिससे देश की दूसरी सबसे बड़ी सीमेंट निर्माता कंपनी की क्षमता 14 एमटीपीए बढ़ गई थी। पिछले वर्ष दिसंबर में अदाणी समूह ने सौराष्ट्र स्थित सांघी इंडस्ट्रीज लिमिटेड का 5,185 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर अधिग्रहण पूरा किया था।