US-China: शी ने गुरुवार को एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) के सीईओ शिखर सम्मेलन में लिखित टिप्पणी में कहा इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि अंतरराष्ट्रीय स्थिति कैसे विकसित होती है, बाजार-उन्मुख, कानून-आधारित और विश्व स्तरीय कारोबारी माहौल को बढ़ावा देने का चीन का संकल्प नहीं बदलेगा।
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और उनके चीनी समकक्ष शी जिनपिंग ने गुरुवार को एक असाधारण मिलनसारिता दिखाने के बाद विदेशी पूंजी को लुभाने के लिए एशिया-प्रशांत शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले नेताओं और मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) से निवेश की अपील की। विदेशी कंपनियों और आपूर्ति शृंखलाओं के लगातार बहिर्वाह के बीच शी ने सैन फ्रांसिस्को में एपेक सीईओ शिखर सम्मेलन में अपने संबोधन में विदेशी निवेश बाधाओं को खत्म करने का संकल्प लिया और "दिल को छू लेने वाले" उपायों के साथ विदेशी पूंजी को आमंत्रित करने का वादा किया।
विज्ञापन
शी ने गुरुवार को एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) के सीईओ शिखर सम्मेलन में लिखित टिप्पणी में कहा, "इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि अंतरराष्ट्रीय स्थिति कैसे विकसित होती है, बाजार-उन्मुख, कानून-आधारित और विश्व स्तरीय कारोबारी माहौल को बढ़ावा देने का चीन का संकल्प नहीं बदलेगा।
उन्होंने कहा कि विदेशी निवेशकों को समान और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने की चीन की नीति नहीं बदलेगी। 70 वर्षीय शी ने बाइडन के साथ आश्चर्यजनक रूप से सौहार्दपूर्ण और फलदायी शिखर वार्ता के बाद कहा, ''हम नवाचार कारकों के प्रवाह की बाधाओं को दूर करने, डिजिटल अर्थव्यवस्था के सुधार को गहरा करने और कानून के अनुपालन में डेटा के मुक्त और व्यवस्थित प्रवाह को बढ़ावा देने का प्रयास करेंगे।
विज्ञापन
दूसरी ओर, एपेक के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) की बैठक को संबोधित करते हुए बाइडन ने एशिया प्रशांत क्षेत्र से निवेश की जोरदार वकालत की और वादा किया कि अमेरिका व्यापार में उच्च मानकों और साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध है जिससे पूरे प्रशांत क्षेत्र की अर्थव्यवस्थाओं को लाभ होगा। बाइडन (80) ने चीन के साथ कड़ी प्रतिस्पर्धा को तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि अमेरिका जोखिम कम कर रहा है और विविधता ला रहा है लेकिन बीजिंग से अलग नहीं हो रहा है।