नोटों की गिनती में लगी नौ टीमें, 80 लोग
नोटों की गिनती के लिए आयकर विभाग और विभिन्न बैंकों के करीब 80 लोगों की नौ टीमों ने रात-दिन काम किया। नोटों की गिनती शुरू होने पर कुछ अन्य ठिकानों पर नोटों से भरी 10 अलमारियां मिलने पर सुरक्षा कर्मियों, ड्राइवरों और अन्य कर्मचारियों सहित 200 अधिकारियों की एक और टीम को इस कार्रवाई में शामिल किया गया।
200 बैग और संदूकों में भरकर बैंकों में जमा कराई नकदी
सूत्रों ने बताया कि नकदी को ओडिशा के विभिन्न बैंकों की शाखाओं में जमा करने के लिए ले जाने के वास्ते करीब 200 बैग और संदूकों का इस्तेमाल किया गया।
अधिकतर 500 रुपये के नोट
जांच एजेंसी के सूत्रों ने बताया कि साहू से जुड़े ठिकानों से बरामद रकम में अधिकतर नोट 500 रुपये मूल्य के हैं। 2000 रुपये का नोट बंद होने के बाद पांच सौ रुपये का नोट ही चलन में सबसे बड़ा है।
सांसद साहू के ठिकानों पर छापेमारी, बयानबाजी तेज
शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसद धीरज साहू से जुड़े एक व्यापारिक समूह के विभिन्न स्थानों से आईटी विभाग द्वारा 300 करोड़ रुपये की नकदी की बरामदगी के बारे में एक समाचार रिपोर्ट को टैग करते हुए कांग्रेस पर कटाक्ष किया था। पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक हैंडल से पोस्ट किया था कि देशवासियों को नोटों के इन ढेरों को देखना चाहिए और फिर कांग्रेस नेताओं के ईमानदारी के संबोधन को सुनना चाहिए। लोगों से लूटा गया एक-एक पैसा वापस करना होगा। यह मोदी की गारंटी है।