आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को शेयर बाजार धड़ाम हुआ। बाजार की ऐतिहासिक तेजी में निवेशकों ने मुनाफा वसूली शुरू कर दी है। वैश्विक स्तर पर कुछ देशों में लॉकडाउन और कोरोना के मामले बढ़ने से भी बाजार पर असर दिखा। इसलिए बाजार में गिरावट आई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 3.00 फीसदी की गिरावट के साथ 1406.73 अंक नीचे 45553.96 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 3.14 फीसदी (432.15 अंक) की गिरावट के साथ 13328.40 के स्तर पर बंद हुआ।
पिछले सप्ताह बीएसई मानक सूचकांक 861.68 अंक यानी 1.86 फीसदी मजबूत हुआ था। सूचकांक ने वर्ष 2020 में हुए पूरे नुकसान की भरपाई कर ली है। यह एक जनवरी 2020 को 41,306.02 पर बंद हुआ था। हालांकि विश्लेषकों के अनुसार, आगे बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। इसलिए निवेशकों को सावधानी बरतनी चाहिए।
इस सप्ताह इन कारकों से प्रभावित होगा बाजार
घरेलू शेयर बाजार में किसी बड़ी गतिविधियों के अभाव में इस सप्ताह वैश्विक घटनाक्रम खासकर अमेरिका में वित्तीय प्रोत्साहन और कोविड-19 टीके से जुड़ी खबरों से बाजार को दिशा मिलेगी। विश्लेषकों के अनुसार अवकाश के कारण कम कारोबार दिवस वाले सप्ताह के दौरान घरेलू बाजार में मुनाफावसूली भी देखने को मिल सकती है। क्रिसमस के मौके पर शेयर बाजार और वित्तीय बाजार शुक्रवार को बंद रहेंगे। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) के निवेश प्रतिरूप पर भी निवेशकों की नजर होगी। बाजार में तेजी का एक प्रमुख कारण एफपीआई का निवेश रहा है।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज सभी कंपनियों के शेयर लाल निशान पर बंद हुए। शीर्ष गिरावट वाले शेयरों में टाटा स्टील, ओएनजीसी, गेल, हिंडाल्को और हिंदुस्तान यूनिलीवर शामिल हैं।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें फार्मा, आईटी, एफएमसीजी, फाइनेंस सर्विसेज, रियल्टी, प्राइवेट बैंक, बैंक, पीएसयू बैंक, मीडिया, ऑटो और मेटल शामिल हैं।
आठ कंपनियों का बाजार पूंजीकरण बढ़ा
बाजार में मजबूत रुख के बीच बीते सप्ताह सेंसेक्स की शीर्ष 10 मूल्यवान कंपनियों में से आठ के बाजार पूंजीकरण (बाजार हैसियत) में 1,25,229.25 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। पिछले सप्ताह एचडीएफसी, टीसीएस और बजाज फाइनेंस को सबसे अधिक लाभ हुआ। सिर्फ रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड के बाजार पूंजीकरण में ही गिरावट आई। जबकि एचडीएफस बैंक, इंफोसिस समेत अन्य कंपनियों की बाजार हैसियत बढ़ी है। बाजार हैसियत के हिसाब से रिलांयस इंडस्ट्रीज शीर्ष स्थान पर बनी रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड, इंफोसिस, एचडीएफसी, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस और भारतीय एयरटेल का स्थान रहा।
लाल निशान पर खुला था बाजार
आज शेयर बाजार लाल निशान पर खुला था। सेंसेक्स 174.31 अंक (0.37 फीसदी) की गिरावट के साथ 46786.38 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी की शुरुआत 0.41 फीसदी (56.20 अंक) नीचे 13704.30 के स्तर पर हुई थी।
शुक्रवार को बढ़त पर बंद हुआ था बाजार
शुक्रवार को शेयर बाजार लगातार छठवें सत्र बढ़त पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 0.15 फीसदी की बढ़त के साथ 70.35 अंक ऊपर 46960.69 के स्तर पर बंद हुआ था और निफ्टी 0.14 फीसदी (19.85 अंक) की तेजी के साथ 13760.55 के स्तर पर बंद हुआ था।