हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को शेयर बाजार में मजबूती देखने को मिली। सेंसेक्स 120 अंकों की तेजी के साथ खुला, वहीं निफ्टी भी 10500 के पार चला गया। डॉलर के मुकाबले रुपये में सपाट शुरुआत देखने को मिली। सेंसेक्स 121 अंक उछलकर 34,986 के स्तर पर और निफ्टी 40 अंक की तेजी के साथ 10,552 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में खरीदारी दिख रही है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.6 फीसदी तक उछला है, जबकि निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.9 फीसदी की मजबूती आई है। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 0.7 फीसदी चढ़ा है।
दिग्गज शेयरों में इंडियाबुल्स हाउसिंग, एशियन पेंट्स, इंडसइंड बैंक, अदानी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक और यस बैंक 2.6-1.5 फीसदी तक चढ़े हैं। मिडकैप शेयरों में सेंट्रल बैंक, गोदरेज एग्रोवेट, दीवान हाउसिंग और अदानी पावर 5.5-2.6 फीसदी तक उछले हैं। स्मॉलकैप शेयरों में अर्शिया, जी मीडिया, वीटो स्विच, एमपीएस और थिरुमलाई केमिकल 12.2-8.2 फीसदी तक मजबूत हुए हैं।
डॉलर के मुकाबले रुपया आज 2 पैसे की बढ़त के साथ 73.81 के स्तर पर खुला है। सोमवार के कारोबार में अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। डाओ जोंस 89 अंक गिरकर 25,251 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नैस्डैक 66 अंक की गिरावट के साथ 7,431 के स्तर पर बंद हुआ। इसके अलावा एसएंडपी 500 इंडेक्स 16 अंक की कमजोरी के साथ 2,751 के स्तर पर बंद हुआ।