हरियाणा और जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनावों के वोटों की गिनती जारी है। हरियाणा के रुझानों में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। शुरुआती रुझानों के दौरान कांग्रेस बहुमत की ओर बढ़ती दिख रही थी, जैसे ही दिन चढ़ा, बाजी पलट गई और भाजपा ने बढ़त बना ली। राजनीतिक अखाड़े में जारी इस उठापटक के बीच शेयर बाजार में भी उठापटक जारी है। पिछले छह कारोबारी सत्रों में गिरावट के बाद चुनाव परिणाम के दिन बाजार ने भी कई बार रंग बदला।
इससे पहले, निफ्टी और सेंसेक्स ने मिश्रित शुरुआत की। इसमें निफ्टी 50 इंडेक्स 36 अंक या 0.15 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 24,832.20 अंक पर खुला। वहीं, सेंसेक्स इंडेक्स 223.44 अंक या 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80,826.56 अंक पर खुला।
विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने पिछले छह कारोबारी सत्रों के दौरान 50,011 करोड़ रुपये के इक्विटी बेचे हैं, जिसकी भरपाई घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) द्वारा 53,203 करोड़ रुपये की खरीदारी से हुई है। इसके बावजूद कमजोर सेंटिमेंट के कारण बाजार में 5.6 फीसदी की गिरावट आई।
विशेषज्ञों ने यह भी कहा कि यह सुझाव देने के लिए पर्याप्त संकेतक हैं कि एफपीआई 'भारत बेचो, चीन खरीदो' की रणनीति का पालन कर रहे हैं। भारत में ऊंचे मूल्यांकन और चीनी शेयरों के लिए सस्ते मूल्यांकन ने एफपीआई रणनीति में इस बदलाव को गति दी है।
प्रॉफिट आइडिया के एमडी वरुण अग्रवाल ने कहा, "सोमवार को निफ्टी इंडेक्स 24,800 के महत्वपूर्ण सपोर्ट लेवल पर बंद हुआ, जिसमें मोमेंटम इंडिकेटर्स ओवरसोल्ड क्षेत्र में थे, जिससे अस्थायी उछाल आ सकता है। हालांकि, 24,800 से नीचे साप्ताहिक बंद होने से आगे और गिरावट आ सकती है, संभवतः 24,000 तक।"
मंगलवार को अन्य एशियाई बाजारों में भी भारी बिकवाली का दबाव रहा, इस रिपोर्ट के समय हांगकांग के हैंग सेंग इंडेक्स में 7.5 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। जापान के निक्केई इंडेक्स में 1.21 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि ताइवान के भारित सूचकांक में 0.76 प्रतिशत की गिरावट आई।
कमजोर डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से मिली मदद के कारण मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले 6 पैसे मजबूत होकर 83.94 पर पहुंच गया। हालांकि, विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव और एफआईआई निकासी के कारण स्थानीय मुद्रा में तेज बढ़त पर रोक लगी हुई है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.97 पर खुला और 83.92 तक चढ़ा, लेकिन बाद में मामूली गिरावट के साथ 83.94 पर आ गया, यह पिछली क्लोजिंग के मुकाबले 6 पैसे अधिक है। सोमवार को घरेलू मुद्रा डॉलर के मुकाबरे 84.00 रुपये पर बंद हुई थी।