हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में दमदार तेजी दिखी। इस दौरान बेंचमार्क इंडेक्स नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गए। शुरुआती कारोबार में गुरुवार को बीएसई सेंसेक्स 769.76 (1.10%) अंकों की तेजी के साथ 70,379.71 के स्तर पर जबकि निफ्टी 210.21 (1.00%) अंक मजबूत होकर 21,136.55 के लेवल पर पहुंच गया। इस दौरान बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप तीन लाख करोड़ रुपये बढ़कर 354.19 लाख करोड़ रुपये हो गया।
शेयर बाजार में गुरुवार को शुरुआती कारोबार में चौतरफा खरीदारी दिखी। इस दौरान बैंकिंग और आईटी सेक्टर के स्टॉक्स में सबसे अधिक मजबूती दिखी। निफ्टी में एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा और एलटीआई माइंडट्री टॉप गेनर के रूप में कारोबार करता दिखे। वहीं पॉवरग्रिड के शेयरों में नरमी दिखी। इससे पहले बुधवार को बीएसई सेंसेक्स 33 अंक मजबूत होकर 69,584 के स्तर पर बंद हुआ।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के डॉ वीके विजय कुमार के अनुसार बुधवार को फेड की ओर से ब्याज दरों में नरमी के स्पष्ट संदेश देने के बाद बाजार में मजबूती का माहौल बना है। इससे गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में शुुरआती कारोबार में ही बड़ी बढ़त दिखी। बाजार में अब आगे चुनाव-पूर्व रैली शुरू होने के भी आसार बढ़े हैं, ऐसे में यह नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ सकता है।
आईनॉक्स इंडिया लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) गुरुवार को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला। यह 18 दिसंबर को बंद होगा। क्रायोजेनिक उपकरण निर्माता और आपूर्तिकर्ता आईनॉक्स इंडिया का लक्ष्य आईपीओ से 1459.32 करोड़ रुपये जुटाना है, यह 100% बिक्री पेशकश (ऑफर फोर सेल) है।