गुरुवार को शेयर बाजार में बंद होने के वक्त बड़ी गिरावट देखने को मिली और सुबह को बढ़त से खुलने के बाद सेंसेक्स 73 अंकों की कमजोरी के साथ बंद हुआ। वहीं सोने के दाम भी एक बार फिर से 32 हजार के स्तर पर आ गए।
कारोबार के दौरान निफ्टी 38 अंकों की कमजोरी के साथ 10679 और सेंसेक्स 35103 के स्तर पर बंद हुआ। हैवीवेट शेयरों के टूटने से बाजार में कमजोरी देखने को मिली। दिग्गज आईटी कंपनी एचसीएल टेक, एचयूएल, आईटीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, मारुति, आयशर मोटर, सिप्ला, टीसीएस और इंफोसिस में बिकवाली से 1.72 फीसदी से 6.89 फीसदी तक गिरावट के साथ बंद हुए। HCL का शेयर 6.89 फीसदी तक टूटा है।
सोना 130 रुपये लुढ़का, चांदी भी हुई कमजोर
विदेशों में मंद रुझान व स्थानीय आभूषण निर्माताओं के बीच घटती सोने की मांग के कारण बृहस्पतिवार को सराफा बाजार में सोने की कीमत 130 रुपये घटकर 32,000 रुपये प्रति दस ग्राम हो गई। यह सोने का पिछले दो सप्ताहों में सबसे कम दाम है।
औद्योगिक इकाइयों व सिक्का निर्माताओं की ओर से उठाव घटने के कारण चांदी 50 रुपये लुढ़क कर 40,200 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। सिंगापुर में सोने की कीमत 0.34 फीसदी बढ़कर 1,309 डॉलर प्रति औंस व चांदी 0.43 फीसदी चढ़कर 16.42 डॉलर प्रति औंस हो गई। सोने की गिन्नियों के भाव भी 100 रुपये गिरकर 24,700 रुपये प्रति गिन्नी (आठ ग्राम) जा पहुंचे।