बैंकिंग स्टॉक में गिरावट का असर गुरुवार को शेयर बाजार में भी देखने को मिला। सेंसेक्स 130 अंक टूटकर 33,006 औऱ निफ्टी 41 अंक की गिरावट के साथ 10,115 अंक पर बंद हुआ।अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने और टैरिफ वॉर तेज होने से भारतीय बाजारों पर दबाव देखने को मिला है।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी दबाव दिखा है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.75 फीसदी गिरकर बंद हुआ है। निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स 0.8 फीसदी लुढ़क कर बंद हुआ है। बीएसई के स्मॉलकैप इंडेक्स में 1 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।
हैवीवेट एसबीआई, मारुति, टीसीएस, इंफोसिस, एचयूएल, आईटीसी और एचडीएफसी में गिरावट से बाजार में गिरावट बढ़ गई है। हालांकि ओएनजीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और सन फार्मा में बढ़त देखने को मिली।
बैंक निफ्टी 0.5 फीसदी की गिरावट के साथ 24,141.5 के स्तर पर बंद हुआ है। निफ्टी के पीएसयू बैंक इंडेक्स में 2 फीसदी, ऑटो इंडेक्स में 0.9 फीसदी और आईटी इंडेक्स में 1 फीसदी की कमजोरी आई है। हालांकि आज मेटल शेयरों में हल्की खरीदारी जरूर नजर आई।