शेयर बाजार में पिछले पांच दिनों की गिरावट के दौरान निवेशकों करीब 16 लाख करोड़ रुपये का नुकसान झेलना पड़ा है। इस दौरान सेंसेक्स सिर्फ पांच कारोबारी सत्रों में 4,100 अंक से ज्यादा फिसल गया। बाजार में यह गिरावट ईरान-इस्राइल के बीच तनाव के चरम पर पहुंचने के बाद आई है। दूसरी ओर, चीन की ओर से प्रोत्साहन पैकेज के एलान ने भारतीय बाजार के लिए आग में घी का काम किया है।
हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को 30 शेयरों वाला प्रमुख बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स 808.65 (0.98%) अंकों की गिरावट के साथ 81,688.45 पर पहुंचकर बंद हुआ। दूसरी ओर, 50 शेयरों वाले बेंचमार्क सूचकांक निफ्टी में 235.50 (0.93%) अंकों की नरमी आई और यह 25,014.60 के स्तर पर बंद हुआ। इस दौरान भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.9725 पर लगभग स्थिर रहा।