पश्चिम एशिया में बढ़ रहे तनाव के बीच घरेलू शेयर बाजार को गुरुवार का दिन रास नहीं आया। वायदा कारोबार की एक्सपायरी के दिन सेंसेक्स और निफ्टी दो-दो फीसदी तक फिसल गए। गुरुवार के कारोबारी सत्र के दौरान निवेशकों को करीब 11 लाख करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। आखिरकार सेंसेक्स 1,769.19 (2.09%) फिसलकर 82,497.10 के स्तर पर बंद हुआ। दूसरी ओर, निफ्टी में 546.81 (2.12%) अंकों की गिरावट के साथ 25,250.10 पर क्लोजिंग हुई।
रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक जैसे बड़े शेयरों में गिरावट और पश्चिम एशिया में इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष के कारण गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में 2 प्रतिशत से ज्यादा गिर गए। लगातार चौथे दिन गिरावट के साथ बीएसई सेंसेक्स 1,769.19 अंक या 2.10 प्रतिशत गिरकर 82,497.10 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 1,832.27 अंक या 2.17 प्रतिशत गिरकर 82,434.02 अंक पर आ गया। एनएसई निफ्टी 546.80 अंक या 2.12 प्रतिशत गिरकर 25,250.10 पर आ गया।
विश्लेषकों ने कहा कि विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से लार्सन एंड टूब्रो, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, टाटा मोटर्स, बजाज फाइनेंस, मारुति, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, टाइटन, अदाणी पोर्ट्स और एचडीएफसी बैंक प्रमुख रूप से पिछड़ गए। जेएसडब्ल्यू स्टील एकमात्र लाभ पाने वाली कंपनी रही।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "ईरान की ओर से इस्राइल पर बैलिस्टिक मिसाइल दागे जाने के बाद घरेलू बाजार में भारी गिरावट आ। हालिया घटनाक्रम के बाद इस्राइल के जवाबी कार्रवाई और क्षेत्र युद्ध बढ़ने की आशंका पैदा हो गई।" नायर ने कहा, "एफएंडओ सेगमेंट के लिए सेबी के नए नियमों ने व्यापक बाजार में ट्रेडिंग वॉल्यूम में कमी के बारे में चिंताएं बढ़ा दी हैं। अंत में, चीन में आकर्षक मूल्यांकन के साथ, एफआईआई ने अपने फंड को पुनर्निर्देशित किया है, जिससे भारतीय शेयरों पर दबाव बढ़ गया है।"
एशियाई बाजारों में, हांगकांग में गिरावट रही जबकि टोक्यो में बढ़त रही। मुख्य भूमि चीन में अवकाश के कारण सप्ताह के शेष दिनों में बाजार बंद रहेंगे। यूरोपीय बाजारों में ज्यादातर गिरावट देखी गई। बुधवार को अमेरिकी बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुए।
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 5,579.35 करोड़ रुपये मूल्य की इक्विटी बेची। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.37 प्रतिशत बढ़कर 74.91 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। बुधवार को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर शेयर बाजार बंद रहे। मंगलवार को बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक 33.49 अंक या 0.04 प्रतिशत गिरकर 84,266.29 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी भी मामूली 13.95 अंक या 0.05 प्रतिशत गिरकर 25,796.90 अंक पर बंद हुआ था।