बुधवार को शेयर बाजार जहां मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ, वहीं सोना 30 हजार के पार चला गया। वहीं चांदी एक बार फिर से 40 हजार के स्तर पर बंद हुआ। बीएसई के सेंसेक्स और एनएसई के निफ्टी, दोनों ही में मामूली गिरावट देखने को मिली। निफ्टी 8.9 अंक घटकर 10360 के करीब बंद हुआ। वहीं सेंसेक्स भी 15.85 अंक की गिरावट के साथ 33600 के करीब बंद हुआ।
बढ़ने वाले शेयरों में बॉश, अदानी पोर्ट, भारती इंफ्राटेल और विप्रो रहे जबकि जबकि गिरने वाले शेयरों में एक्सिस बैंक, हिंडाल्को, एशियन पेंट्स और वेदांता रहे।
शादियों के चक्कर में बढ़ी सोने की डिमांड
वैश्विक बाजारों के स्थिर रुख और शादियों के मौसम की खरीद से बढ़ी मांग के चलते आज दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 20 रुपये सुधरकर 30,520 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया। हालांकि औद्योगिक इकाइयों और सिक्का ढालों की ओर से मांग उतरने के चलते चांदी और 200 रुपये गिरकर 40,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गयी।
कारोबारियों ने कहा कि वैश्विक बाजार में बेहतर रुख और घरेलू हाजिर बाजार में शादी-विवाह की खरीद बढ़ने से सोने के भाव में सुधार देखा गया है। दिल्ली में 99.9 प्रतिशत तथा 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 20-20 रुपये की चमक के साथ क्रमश: 30,520 रुपये और 30,370 रुपये प्रति दस ग्राम के भाव पर आ गया। कल यह 50 रुपये गिर गया था। हालांकि आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,700 रुपये के पुराने भाव पर बनी रही।
वहीं चांदी हाजिर 200 रुपये और टूटकर 40,000 रुपये प्रति किलोग्राम बोली गयी। साप्ताहिक आपूर्ति वाली चांदी 445 रुपये कमजोर होकर 38,695 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गयी। हालांकि चांदी के सिक्के अपरिवर्तित रहे।