सोमवार को सोने की कीमत में सात रुपये की बढ़ोतरी हुई जिसके बाद इस पीली धातु की कीमत 46,223 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार पिछले कारोबार में सोना 46,216 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं, चांदी के दाम में 377 रुपये का इजाफा हुआ और यह 60,864 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। पिछले कारोबार में चांदी 60,487 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
भारत केंद्रित अंतरराष्ट्रीय कोषों, ईटीएफ से 1.55 अरब डॉलर की निकासी
मॉर्निंगस्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, लगातार 13वीं तिमाही में निवेशकों ने भारत केंद्रित अंतरराष्ट्रीय कोषों और एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स (ईटीएफ) से निकासी की। जून तिमाही में इन कोषों से निवेशकों ने 1.55 अरब डॉलर निकाले। जबकि मार्च, 2021 को समाप्त तिमाही में इन कोषों से 37.6 करोड़ डॉलर की निकासी हुई थी। मालूम हो कि विदेशी निवेशक जिन प्रमुख निवेश माध्यमों के जरिये भारतीय शेयर बाजारों में निवेश करते हैं, उनमें भारत केंद्रित अंतरराष्ट्रीय कोष और ईटीएफ काफी महत्वपूर्ण हैं। ईटीएफ खंड में शुद्ध रूप से 15.3 करोड़ डॉलर का प्रवाह देखने को मिला। यह लगातार तीसरी तिमाही है जबकि ईटीएफ खंड में निवेश का प्रवाह सकारात्मक रहा है। निवेशक फरवरी 2018 से ही भारत केंद्रित अंतरराष्ट्रीय कोषों तथा ऑफशोर ईटीएफ से लगातार पूंजी की शुद्ध निकासी कर रहे हैं।
मालूम हो कि ईटीएफ का प्रवाह सोने में कमजोर निवेशक रुचि को दर्शाता है। एक मजबूत डॉलर अन्य मुद्राओं के धारकों के लिए सोने को अधिक महंगा बनाता है। बीते वित्त वर्ष 2020-21 में सोने का आयात 22.58 फीसदी बढ़कर 34.6 अरब डॉलर या 2.54 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। सोने का आयात चालू खाते के घाटे (CAD) को प्रभावित करता है। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार घरेलू मांग बढ़ने से सोने का आयात बढ़ा है। वित्त वर्ष के दौरान चांदी का आयात 71 फीसदी घटकर 79.1 करोड़ डॉलर रह गया।