आज घरेलू बाजार में सोने और चांदी की वायदा कीमत में बढ़त आई। एमसीएक्स पर सोना वायदा 0.31 फीसदी (146 रुपये) बढ़कर 47,185 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी की बात करें, तो चांदी वायदा 0.24 फीसदी (165 रुपये) बढ़कर 69,285 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पीली धातु पिछले साल के उच्चतम स्तर (56200 रुपये प्रति 10 ग्राम) से करीब नौ हजार रुपये नीचे है।
वैश्विक बाजार में इतनी है कीमत
वैश्विक बाजारों में हाजिर सोने का दाम 1,777.17 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर था। इस हफ्ते इसमें 0.2 फीसदी की गिरावट आई है। अमेरिकी सोना 0.1 फीसदी ऊपर 1,778.70 डॉलर रहा। अन्य कीमती धातुओं में चांदी 26.00 डॉलर प्रति औंस पर थी, पैलेडियम 0.1 फीसदी गिरकर 2,761.69 डॉलर प्रति औंस पर रहा और प्लैटिनम 1,082.58 डॉलर प्रति औंस पर था।
कमजोर निवेशक रुचि को दर्शाता है ईटीएफ का प्रवाह
दुनिया की सबसे बड़ी गोल्ड समर्थित एक्सचेंज ट्रेडेड फंड या गोल्ड ईटीएफ, एसपीडीआर गोल्ड ट्रस्ट की होल्डिंग्स गुरुवार को 0.3 फीसदी गिरकर 1,043.16 टन हो गई। स्वर्ण ईटीएफ सोने की कीमत पर आधारित होते हैं और उसके दाम में आने वाली घट-बढ़ पर ही इसका दाम भी घटता बढ़ता है। मालूम हो कि ईटीएफ का प्रवाह सोने में कमजोर निवेशक रुचि को दर्शाता है। एक मजबूत डॉलर अन्य मुद्राओं के धारकों के लिए सोने को अधिक महंगा बनाता है।
डॉलर तीन महीने के उच्चतम स्तर के करीब रहा, जिससे अन्य मुद्राओं के धारकों के लिए सोना महंगा हो गया। कुछ निवेशकों का कहना है कि साल की दूसरी छमाही में अमेरिकी सरकार के बॉन्ड यील्ड कमजोर होते रहेंगे। अमेरिका और चीन के बाजार में सुधार आने से भारतीय हीरा उद्योग में इस साल 20 फीसदी निर्यात बढ़ने का अनुमान है। रेटिंग एजेंसी क्रिसिल ने बताया कि भारत से निर्यात होने वाले तराशे हीरे का 75 फीसदी हिस्सा अमेरिका और चीन में जाता है।