कारोबारी सत्र के चौथे दिन बृहस्पतिवार को बाजार तेजी के साथ बंद हुआ। आईटी, बैंकिंग तथा कैपिटल गुड्स कंपनियों के शेयरों में तेजी से लगातार छठे दिन सेंसेक्स 160.69 अंकों की तेजी के साथ 34,101.13 पर बंद हुआ।
रुपये के पांच महीने के निचले स्तर पर पहुंचने से प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में बढ़त देखी गई। प्रौद्योगिकी कंपनियों टीसीएस, इंफोसिस, विप्रो, एचसीएल टेक्नोलॉजी तथा टेक महिंद्रा के शेयर ग्रीन जोन में बंद हुए। वहीं, निफ्टी 41.50 अंकों की तेजी के साथ 10,458.65 पर बंद हुआ।
10450 के पार हुआ निफ्टी
निफ्टी 10,450 को पार कर टिकने में कामयाब रहा। वहीं सेंसेक्स भी 150 अंकों से ज्यादा की मजबूती के साथ बंद हुआ है। बैंक निफ्टी की भी निचले स्तरों से अच्छी वापसी रही और ये बढ़त के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार में निफ्टी ने 10,395.25 तक गोता लगाया था जबकि सेंसेक्स 33,925 तक टूटा था। हालांकि तेजी के माहौल में निफ्टी 10,469.9 तक पहुंचने में कामयाब रहा जबकि सेंसेक्स ने 34,177.5 तक दस्तक दी थी।
हालांकि आज मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में दबाव देखने को मिला है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.15 फीसदी गिरकर बंद हुआ है। निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 0.25 फीसदी कमजोर होकर बंद हुआ है।