वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख के साथ आभूषण विक्रेताओं की लगातार खरीदारी से राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को सोने का भाव 400 रुपये की तेजी के साथ 78,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर को पार कर गया।
इसके अलावा 99.5 फीसदी शुद्धता वाले सोने का भाव भी 77,900 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए स्तर पर पहुंच गया। बुधवार को सोना 77,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। कारोबारियों ने कहा कि स्थानीय मांग में तेजी और मजबूत वैश्विक रुख के कारण सोने की कीमतों को समर्थन मिला।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, "प्रमुख पश्चिमी केंद्रीय बैंकरों की आसान मौद्रिक नीति और मध्य पूर्व में बढ़ते युद्ध के कारण बढ़ती चिंताओं के बीच सोने में हाल के दिनों में तेजी को बढ़ावा मिला है।" गांधी ने कहा कि अमेरिकी डॉलर में कमजोरी के अलावा इससे कीमती धातुओं को भी समर्थन मिला।
कोटक सिक्योरिटीज की कमोडिटी रिसर्च की एवीपी कायनात चैनवाला के अनुसार, कॉमेक्स सोना अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर के आसपास स्थिर बना हुआ है, जबकि व्यापारी अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष जेरोम पॉवेल के संबोधन की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जो गुरुवार को 10वें वार्षिक अमेरिकी ट्रेजरी मार्केट सम्मेलन में प्रसारित होने वाला है।
एशियाई कारोबारी घंटों में चांदी भी 2.63 प्रतिशत बढ़कर 32.86 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। एलकेपी सिक्योरिटीज के कमोडिटी व करेंसी सेगमेंट के उपाध्यक्ष जतिन त्रिवेदी ने कहा कि व्यापारियों को शुक्रवार को आने वाले सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) आंकड़ों के साथ-साथ कोर व्यक्तिगत उपभोग व्यय (पीसीई) मूल्य सूचकांक का भी इंतजार रहेगा, जो बाजार की दिशा के लिए प्रमुख चालक होंगे।