कमजोर मांग के चलते गुरुवार को सोना, चांदी और कच्चे तेल के वायदा भाव में गिरावट दर्ज की गई। सोना वायदा भाव 48 रुपये तक गिरा, चांदी का वायदा भाव 225 रुपये तक कम हुआ, वही कच्चे तेल की बात करें, तो यह 2,839 रुपये प्रति बैरल पर आ गया है।
कमजोर मांग के चलते सोना वायदा भाव गिरा
हाजिर बाजार में मांग कमजोर होने के चलते सोना वायदा भाव 48 रुपये तक गिर गया। सटोरियों ने भी इसके चलते अपने सौदों में कमी की।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अगस्त डिलीवरी सौदों में सोना वायदा भाव 14 रुपये यानी 0.03 फीसदी टूटकर 48,120 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। इसके लिए 14,339 लॉट का कारोबार हुआ। इसी तरह अक्तूबर डिलीवरी के लिए 5,810 लॉट के कारोबार में यह भाव 48 रुपये यानी 0.1 फीसदी घटकर 48,256 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा।
हालांकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना भाव 0.20 फीसदी बढ़कर 1,778.60 डॉलर प्रति औंस पर रहा।
यह भी पढ़ें:
खुशखबर: मुद्रा योजना के तहत इस श्रेणी को ब्याज में मिलेगी दो फीसदी की छूट
चांदी के वायदा भाव में गिरावट
कमजोर मांग और सटोरियों के अपने सौदे घटाने के चलते चांदी का वायदा भाव गुरुवार को 225 रुपये तक गिर गया। एमसीएक्स पर जुलाई डिलीवरी सौदों में चांदी वायदा भाव 225 रुपये यानी 0.47 फीसदी टूटकर 47,561 रुपये प्रति किलोग्राम रहा। इसके लिए 3,916 लॉट का कारोबार हुआ।
इसी तरह सितंबर डिलीवरी के लिए 4,264 लॉट के कारोबार में यह भाव 184 रुपये यानी 0.38 फीसदी घटकर 48,550 रुपये प्रति किलोग्राम रहा।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर न्यूयॉर्क में चांदी भाव 0.20 फीसदी गिरकर 17.77 डॉलर प्रति औंस पर रही।
मांग घटने से टूटा कच्चा तेल वायदा
कच्चे तेल का वायदा भाव भी गुरुवार को 1.87 फीसदी टूटकर 2,839 रुपये प्रति बैरल पर आ गया। कमजोर मांग से कारोबारियों द्वारा अपने सौदों का आकार घटाने से कच्चे तेल के वायदा भाव में गिरावट आई।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में कच्चे तेल का जुलाई अनुबंध 54 रुपये या 1.87 फीसदी टूटकर 2,839 रुपये प्रति बैरल पर आ गया। इसमें 4,387 लॉट का कारोबार हुआ। इसी तरह कच्चे तेल का अगस्त आपूर्ति का अनुबंध 50 रुपये या 1.71 फीसदी के नुकसान से 2,879 रुपये प्रति बैरल पर आ गया।
इसमें 106 लॉट का कारोबार हुआ।
वैश्विक स्तर पर वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) कच्चा तेल 1.24 फीसदी के नुकसान से 37.54 डॉलर प्रति बैरल पर चल रहा था।