अर्थव्यवस्था को गति देने के प्रयासों के क्रम में रिजर्व बैंक (आरबीआई) शुक्रवार को अपनी प्रमुख नीतिगत दर में लगातार पांचवीं बार कमी का एलान कर सकता है। हालांकि आरबीआई के लिए राहत की बात यह है कि महंगाई भी लक्ष्य के भीतर बनी हुई है। केंद्रीय बैंक खुदरा महंगाई को ध्यान में रखते हुए प्रमुख नीतिगत दरों पर फैसला लेता है। इसकी घोषणा शुक्रवार को सुबह 11.45 बजे की जाएगी।
कोटक महिंद्रा बैंक की अध्यक्ष (उपभोक्ता बैंकिंग) शांति एकमबरम ने कहा कि महंगाई के लिए चार फीसदी के मध्यकालिक लक्ष्य के भीतर होने से आरबीआई के पास दरों में कटौती की गुंजाइश है। उन्होंने कहा, ‘हालांकि क्रूड की कीमतों में हाल का उतार-चढ़ाव और सरकार द्वारा दिए गए प्रोत्साहनों का महंगाई व राजकोषीय घाटे पर असर पड़ेगा। हमें इस समीक्षा में रेपो दर में 20 से 25 आधार अंकों की कटौती होने की उम्मीद है।’
बोफा मेरिल लिंच ने कहा, ‘आरबीआई गवर्नर एक बार फिर रेपो दर में उम्मीद से ज्यादा 35 आधार अंक की कटौती कर सकता है। उसकी तरफ से बैंकों को ब्याज दर में कटौती का सख्त संदेश भी दिया जाना चाहिए।’