लॉकडाउन की वजह से लगभग पूरी दुनिया ठहर सी गई है। लोग अपने-अपने घरों में कैद हैं और समय बिताने के लिए तरह-तरह के उपाय करते नजर आ रहे हैं। कोई खाना बनाना सीख रहा है तो कोई पेंटिंग करके अपनी कला को निखार रहा है। ऐसे में अगर किसी का जन्मदिन भी आ जाए तो लोग उसे बेहद खास तरीके से सेलिब्रेट कर रहे हैं। कुछ ऐसा ही ब्रिटेन में भी देखने को मिला है, जहां एक मां ने अपनी बेटी का जन्मदिन बिल्कुल अनोखे तरीके से मनाया, जिसकी तारीफ दुनियाभर में हो रही है।
दरअसल, जिस बच्ची का जन्मदिन था, उसका नाम मैया ब्लू है और वो महज आठ साल की है। मैया ल्यूकेमिया से पीड़ित है, इसलिए लॉकडाउन में डॉक्टरों ने उसका खास ख्याल रखने की हिदायत दी है और कम से कम 12 हफ्ते से उसे घर से बाहर नहीं निकालने को कहा है। डॉक्टरों के कहने पर मैया को 13 मार्च से घर में ही क्वारंटीन किया गया है। इसी बीच दो अप्रैल को उसका जन्मदिन आ गया। ऐसे में उसकी 44 वर्षीय मां ने बर्थडे सेलिब्रेट करने के लिए एक ऑनलाइन पार्टी रखी।
मैया की ऑनलाइन जन्मदिन की पार्टी में उसके दोस्त और रिश्तेदार भी शामिल हुए और वीडियो कॉल के जरिए उसे बधाई दी। इतना ही नहीं, मैया की मां ने उसके जन्मदिन को खास बनाने के लिए जादूगर का एक खास शो बी बुक किया था, जिसे सबने मिलकर देखा। मैया की जन्मदिन पार्टी का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसे देखकर लोग भावुक भी हो रहे हैं और तारीफ भी कर रहे हैं।
बता दें कि ब्रिटेन में अब तक कोरोना वायरस की वजह से 21 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है जबकि डेढ़ लाख से ज्यादा लोग वायरस से संक्रमित हैं। यहां के लोगों को घर में ही रहने की सलाह दी जा रही है, जब तक कि कोई बहुत ही जरूरी काम न हो, जिसकी वजह से घर से निकलना पड़े।