पावर बैंक में मिट्टी भरकर बेचने की कोशिश कर रहा था शख्स
- फोटो : एक्स@geetappoo
भारतीय रेलवे में सफर करने वाले यात्रियों की समस्याएं कोई नई बात नहीं हैं। कभी ओवरचार्ज की गई पानी की बोतलें तो कभी खराब खाने-पीने की चीजें। इस तरह की शिकायतें अक्सर सामने आती रहती हैं। इसके साथ ही ट्रेन में घूमते सामान बेचने वाले लोग यात्रियों को ठगने की घटनाएं भी तेजी से बढ़ रही हैं, जिनके वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल होते रहते हैं। अब हाल ही में एक और वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लोग खूब शेयर भी कर रहे हैं। तो आइए विस्तार से जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
हाल ही में, एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति ट्रेन के अंदर पावर बैंक बेचते हुए दिखाई देता है। वह कई नामी ब्रांड्स के पावर बैंक को असली बताकर यात्रियों को बेच रहा है। इनकी कीमत 500 से 550 रुपये बताई जा रही है और वह व्यक्ति इन प्रोडक्ट्स पर एक साल की गारंटी देने का दावा करता है। वीडियो में नजर आता है कि ये सारे पावरबैंक देखने में लगभग एक जैसे हैं और उन पर अलग-अलग ब्रांड के स्टीकर लगे हुए हैं। जब एक यात्री उस आदमी से पावर बैंक खरीदने से पहले उसे चेक करने की बात करता है तो वह आदमी तुरंत पावर बैंक को यात्री के मोबाइल से कनेक्ट कर देता है। मोबाइल चार्ज होने लगता है, जिससे देखने में पावर बैंक असली लगता है।
पावर बैंक के अंदर निकलती है मिट्टी
हालांकि, उस यात्री को कुछ शक होता है और वह पावर बैंक को खोलकर देखने का फैसला लेता है। जैसे ही पावर बैंक खोला जाता है, उसमें से मिट्टी और एक छोटी सी बैटरी निकलती है। यह देखकर ट्रेन में मौजूद सभी यात्री हैरान रह जाते हैं। दरअसल, यह एक स्कैम होता है, जिसमें नकली पावर बैंक को असली दिखाने के लिए उसमें सिर्फ वजन बढ़ाने के लिए उसे मिट्टी भरी जाती है। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि जब पावर बैंक बेचने वाले की पोल खोलता है और वीडियो बनाता है तो वह आदमी उसे डराने और वीडियो बनाना बंद करने की कोशिश करता है। यह पूरा वीडियो X पर @gharkekalesh नामक पेज द्वारा साझा किया गया है और तेजी से वायरल हो गया है।
यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
वीडियो वायरल होने के बाद कई लोग अपने अनुभव साझा कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “ये आदमी पांच मिनट में गायब हो जाएगा, लेकिन गारंटी एक साल की देता है।” वहीं, दूसरे ने कहा, “मेरे साथ भी ऐसा ही धोखा हुआ था, ये सब ठग हैं।”