बिहार की एक जेल में कैदी की धूमधाम से शादी कराई गई। उसकी शादी उसी युवती से हुई, जिसने उसे जेल भेजा था। कैदी के युवती के साथ पिछले चार साल से प्रेम संबंध थे, लेकिन कुछ ऐसा हुआ की युवती ने प्रेमी पर यौन शोषण का आरोप लगाकर उसे जेल भिजवा दिया।
मामला औरंगाबाद जिले के दाऊदनगर स्थित अनुमंडलीय जेल का है। यहां सोमवार को अदालत की अनुमति से संजय कुमार नामक कैदी की शादी कराई गई। जेल अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार ने मंगलवार को बताया कि इस शादी में पुरुष कैदी जहां बाराती बने थे, वहीं महिला कैदी विवाह गीत गा रही थीं।
पुलिस के मुताबिक दाऊदनगर थाना क्षेत्र के करमा कला निवासी संजय कुमार और मनार गांव निवासी सौधराम की बेटी बसंती कुमारी के बीच पिछले करीब चार वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन संजय के घरवाले इसके लिये राजी नहीं हुये। लड़की पक्ष का आरोप है कि संजय के पिता ने उनसे काफी दहेज मांगा था, लेकिन लड़की वालों ने इसे देने में अक्षमता दिखाई।
शादी मना होने पर लड़की ने थाने में एक आवेदन देकर संजय पर यौन शोषण करने और उसके पिता पर विवाह के लिए तीन लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार पुलिस में कटिहार जिले में सिपाही के पद पर कार्यरत आरोपी संजय को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन हुआ यह कि संजय की गिरफ्तारी के बाद भी बसंती उससे शादी करना चाहती थी। बसंती ने बताया कि उसने दोनों परिवारों को समझाने का प्रयास किया और न्यायालय में भी संजय से विवाह करने की इच्छा जताई।
इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी ने संजय और बसंती को विवाह की अनुमति दे दी। इसके बाद जेल में ही विवाह मंडप बनाया गया और धूमधाम से बसंती व संजय का विवाह संपन्न हो गया। बसंती का कहना है कि भले ही उसका पति उसके कारण ही जेल में बंद है, लेकिन अब वह उसे निकालने की कोशिश करेगी। वह चाहती है कि दोनों परिवार पुरानी बातों को भूल जायें और नई शुरुआत करें।