उत्तर प्रदेश में भाजपा-जदयू के अलग-अलग चुनाव मैदान में उतरने के बाद इनके बीच अब मनमुटाव भी साफ दिखने लगा है। जदयू अध्यक्ष ललन सिंह ने इसे लेकर भाजपा को तो निशाने पर लिया ही जदयू कोटे से केंद्र में मंत्री बने आरसीपी सिंह को भी इशारों में घेरा। दो दिन पहले दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस कर ललन सिंह ने जो बातें कही थीं वहीं बातें पटना में भी दोहराई।
ललन सिंह का आरसीपी सिंह पर निशाना
ललन सिंह ने इशारों-इशारों में कहा कि हमने भाजपा से बातचीत के लिए आरसीपी सिंह को अधिकृत किया था कि वह भाजपा से बात करेंगे। उन्होंने हम लोगों को विश्वास दिलाया था कि हमारी बात हो रही है। हम लोग पूरी तरह से आश्वस्त थे कि यूपी में गठबंधन बनेगा। फिर कुछ दिनों के बाद आरसीपी सिंह ने कहा कि भाजपा ने सूची मांगी है। हम लोगों ने 30 विधानसभा की सूची उन्हें दे दी, उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान को यह सूची सौंप दी। यह एक डेढ़ महीना पहले की बात थी और इसके बाद भाजपा की तरफ से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद कई दौर की बात हुई, आरसीपी सिंह ने कहा कि बात हो रही है, लेकिन समय निकलता गया।
भाजपा ने गठबंधन को तरजीह नहीं दी
ललन सिंह ने कहा, भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके दिल्ली में यह कहा कि उत्तर प्रदेश में हमारा गठबंधन अपना दल और निषाद पार्टी से है। यह बहुत चौंकाने वाली बात थी। हम लोगों ने आरसीपी सिंह से फिर बात की तो उन्होंने कहा कि ऐसी बात नहीं है, गठबंधन हो जाएगा। हम लोगों ने कहा कि ठीक है, लेकिन भाजपा की तरफ से अधिकृत रूप से यह बयान आना चाहिए कि जदयू से बातचीत चल रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि हां बात करा देते हैं। लेकिन दो दिनों तक कुछ नहीं हुआ।
भाजपा ने अरुणाचल में गठबंधन धर्म तोड़ा
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हम भाजपा से अलग कई राज्यों में चुनाव लड़ चुके हैं। वह हमें भाव दे या ना दे, हम अपने क्षेत्र का विस्तार करेंगे। हम चुनाव लड़ना चाहते थे। आरसीपी सिंह ने कहा कि बातचीत हो रही है। इसलिए हमने थोड़ा इंतजार किया। हमने अरुणाचल प्रदेश में भी चुनाव लड़ा और सात सीटें जीती थी। बाद में 6 विधायकों को भाजपा में मिला लिया गया। यह गठबंधन धर्म के खिलाफ है। जब एनडीए में थे तो यह काम नहीं करना चाहिए था।
26 विधानसभा क्षेत्रों की सूची जारी
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हमने ने यूपी चुनाव में 26 विधानसभा क्षेत्रों की सूची जारी कर दी है। उम्मीदवारों की सूची इसलिए जारी नहीं की, क्योंकि कई दावेदार थे। यूपी के जदयू प्रदेश अध्यक्ष को अधिकृत किया गया है कि वह सक्षम उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करें। इसके अलावा भी कई सीटों पर हम चुनाव लड़ने वाले हैं। भाजपा की तरफ से कोई सकारात्मक बात नहीं हुई है। अब उसकी उम्मीद करना बेकार है।
नीतीश मॉडल का करेंगे प्रचार
ललन सिंह ने कहा कि हम यूपी में किसी के खिलाफ प्रचार नहीं करेंगे बल्कि अपनी सकारात्मक बातें करेंगे। बिहार में जो नीतीश कुमार ने मॉडल स्थापित किया है हम उसकी बात करेंगे। नीतीश कुमार के मॉडल की देश भर में चर्चा है। कई ऐसी योजनाएं हैं जिसकी चर्चा है।