अपराधियों के हमले में घायल पुलिसकर्मी
- फोटो : ANI
बिहार में छपरा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अपराधियों के हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। अपराधियों के हमले में घायल हुए अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस टीम अपराधियों को पकड़ने गई थी और हमें उन्होंने चाकू मार दिया। एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है और दूसरा फरार हो गया है।
ग्रामीणों के हमलों सात पुलिसकर्मी घायल
बिहार के कटिहार जिले के एक पुलिस थाने पर कथित तौर पर हिरासत में एक व्यक्ति की मौत के कुछ घंटों बाद ग्रामीणों के एक समूह ने शनिवार को हमला किया, जिसमें दो थाना प्रभारी (एसएचओ) सहित सात पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
40 वर्षीय प्रमोद कुमार सिंह के लॉकअप में मृत पाए जाने के बाद सैकड़ों ग्रामीणों ने प्राणपुर थाने में हंगामा किया और परिसर में खड़े वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। मृतक व्यक्ति को शुक्रवार को सूखे बिहार में शराब की बोतलें रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में
घायल एसएचओ में एक प्राणपुर पुलिस थाने के मनीतोष कुमार और दंडकोहरा पुलिस थाने के शैलेश कुमार हैं। कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक (एसपी) दया शंकर ने कहा कि सभी घायल पुलिसकर्मियों को कटिहार के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और हमारी टीमें इलाके में डेरा डाले हुए हैं।
पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया
प्रमोद कुमार सिंह की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों ने लाठियों और लोहे की रॉड से लैस थाने पर हमला कर दिया और पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया। एसपी दया शंकर ने बताया कि प्रमोद सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।