बिहार के सीवान के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सड़क हादसे में दो लोगों की मौत होने का मामला सामने आया है। पहला मामला दरौंदा थाना क्षेत्र का है। जहां मृतक की पहचान दीनानाथ गुप्ता के रूप में की गई है। वहीं, दूसरी घटना जीबी नगर थाना क्षेत्र की है। जहां मृतक की पहचान रंजन यादव के रूप में की गई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान मोर्चरी भेज दिया है।
एक शादी समारोह में तो दूसरा जा रहा था बाजार
जानकारी के मुताबिक, सीवान में उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के पूरबसिया गांव निवासी दरौंदा में एक शादी समारोह में शामिल होने मोटरसाइकिल से जा रहे थे। तभी दरौंदा थाना क्षेत्र के ही लीलाशाह पोखरा के पास पीछे से तेज रफ्तार सिटी राइड बस ने मोटरसाइकिल में तेज टक्कर मार दी। उसके बाद दीनानाथ गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरी घटना में, जीबी नगर थाना क्षेत्र के शाहगंज निवासी रंजन यादव अपने घर से मोटरसाइकिल से नवका बाजार जा रहे थे। तभी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। रंजन यादव को आसपास के लोगों की मदद से सीवान सदर अस्पताल लाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीवान जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। फिर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान मोर्चरी भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।