बिहार के सीतामढ़ी में सोमवार को बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक सरकारी स्वास्थ्यकर्मी पर गोलियां बरसा दीं। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित चिकित्सक शिवहर जिले के सदर अस्पताल में कार्यरत हैं। यह मामला जिले के नगर थाना क्षेत्र के कोर्ट बाजार का है। घटना के बाद जख्मी हालत में उन्हें इलाज के लिए शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इलाज के दौरान अस्पताल में भर्ती डॉ. जेड जावेद
जानकारी के अनुसार, गोली लगने से घायल डॉक्टर जेड जावेद नगर थाना क्षेत्र के कोर्ट बाजार स्थित डॉक्टर त्रिलोकी शर्मा के आवास पर मिलने गए थे। मुलाकात के बाद वह वापस लौटने के लिए जैसे ही अपनी कार में बैठे कि पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने गोली मार दी। बताया जा रहा है कि हमलावर दो की संख्या में थे। दोनों एक ही बाइक पर सवार थे। पीछे बैठे युवक ने गोली चलाई थी, दोनों बदमाश नकाबपोश थे। इसके बाद आनन-फानन में जख्मी डॉक्टर को इलाज के लिए शहर के निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर सदर डीएसपी सुबोध कुमार समेत नगर थाना और मेहसौल ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। वहीं, सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ निजी क्लिनिक पर उमड़ पड़ी।
डॉक्टर की कार के ड्राइवर सिकंदर कुमार ने बताया कि गाड़ी में बैठने के दौरान डॉक्टर पर गोली चलाई गई है। विशेष कुछ उसे भी जानकारी नहीं है। फिलहाल घटना को किसने और क्यों अंजाम दिया इसका खुलासा नहीं हो सका है। इधर, आईएमए के कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ रोष प्रकट किया है।
संघ के अध्यक्ष डॉ. निर्मल कुमार गुप्ता, सचिव डॉ. एसके वर्मा और कोषाध्यक्ष डॉ. प्रतिमा आनंद समेत अन्य डॉक्टरों ने कहा की डॉ. जेड जावेद पर हुए कातिलाना हमले का आईएमए सीतामढ़ी घोर निंदा करता है। वहीं, प्रशासन से अविलंब अपराध पर लगाम लगाने की अपील करता है। ताकि चिकित्सक भयमुक्त वातावरण में इलाज कर सकें। घटना में घायल चिकित्सक के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता है।
फिलहाल पुलिस चिकित्सक के होश में आने का इंतजार कर रही है। पुलिस की अन्य टीम घटनास्थल पर पहुंचकर अलग-बगल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की तलाश में जुटी हुई है। हमले में डॉक्टर की कार क्षतिग्रस्त हो चुकी है और एक गोली सीट पर पड़ी हुई मिली।