इसी ट्रेन में असामाजिक तत्वों ने किये पथराव
- फोटो : अमर उजाला
जयनगर से दानापुर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन पर सामाजिक तत्वों ने पथराव किये, जिसमें ट्रेन की कई बगिययों के शीशे टूट गये। यह घटना हायाघाट और रामभद्रपुर स्टेशन के बीच की है। इस मामले में आरपीएफ ने एक युवक को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में यात्रियों ने बताया कि हायाघाट से ट्रेन खुलने के बाद रामभद्रपुर के बीच ट्रेन में सवार आधा दर्जन की संख्या में युवकों ने कई जगहों पर चेन पुलिंग किया था। बार-बार चेन पुलिंग किए जाने के कारण ट्रेन में सवार यात्रियों ने इसका विरोध किया। इस दौरान यात्रियों ने एक युवक को पकड़ लिया। इसी बात से नाराज होकर चेन पुलिंग करने वाले युवकों ने रामभद्रपुर स्टेशन पर ट्रेन खुलते ही पथराव शुरू कर दिये। इस पथराव में ट्रेन की कई बोगियों के शीशे टूट गए। यात्रियों ने पकड़े गए युवक को समस्तीपुर में आरपीएफ के हवाले कर दिया। हिरासत में लिए गये युवक ने अपनी पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रतबारा गांव का रहने वाला बताया है। समस्तीपुर स्टेशन की आरपीएफ उक्त युवक सहित उसके अन्य साथियों पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।
पकड़ा गया आरोपी नाबालिग
आरपीएफ इंस्पेक्टर बी.पी. वर्मा ने बताया कि इस मामले में यात्री द्वारा एक युवक को पकड़ कर पुलिस हवाले किया गया है, जो किशोर है। इस मामले में किशोर समेत चार अन्य लोगों पर आरपीएफ पोस्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पकड़े गए किशोर को बालगृह भेजा जाएगा। सात अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिला प्रशासन से मदद ली जा रही है।
डीआरएम ने कहा जांच की जा रही है
इस घटना के संबंध में डीआरएम विनय श्रीवास्तव का कहना है कि कुछ युवकों के द्वारा किए जा रहे चेनपुलिंग का सफर कर रहे यात्रियों द्वारा विरोध किया गया था। यात्रियों ने एक युवक को पड़क लिया था, जिस कारण रामभद्रपुर स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद ट्रेन पर पथराव किया गया। युवकों द्वारा किए गए इस पथराव के कारण इस ट्रेन की ऐसी बोगी के साथ ही पांच अन्य बोगियों के शीशे टूट गये हैं। इस घटना से रेलवे को लाखों की क्षति पहुंची है। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच आरपीएफ कर रही है।