दुनिया का सबसे बड़ा हिन्दू मंदिर बिहार के पूर्वी चम्पारण जिले में बनेगा। इसका नाम 'विराट रामायण मंदिर' होगा और ये अभी के सबसे बड़े मंदिर कम्बोडिया स्थित 'अंगकोर वाट' से दोगुना ऊंचा होगा। 200 एकड़ में बनने वाले इस मंदिर की ऊंचाई 440 फीट होगी। इसमें एक साथ 20000 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी।
अगले साल होली के त्योहार के बाद मंदिर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा, क्योंकि कंबोडियाई सरकार की आपत्तियों के बाद मूल योजना में संशोधन किया गया है। बता दें कि कंबोडिया ने प्रस्तावित मंदिर को अंगकोर वाट मंदिर की नकल बताते हुए आपत्ति जताई थी।
पटना स्थित महावीर मंदिर ट्रस्ट के किशोर कुणाल ने कहा, 'हमारे विराट रामायण मंदिर पर कंबोडिया सरकार की आपत्तियों के बाद हमने मूल याोजना में संशोधन किया है।' उन्होंने कहा, 'हमने होली के बाद निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी कर ली है, जो एक शुभ मुहूर्त होगा।'