कटिहार जिले में स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्वेता मिश्रा के सरकारी आवास पर भ्रष्टाचार के आरोप में छापेमारी की। मामले की जांच जारी है।
कटिहार जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। गुरुवार की सुबह स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने मनिहारी अनुमंडल की लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्वेता मिश्रा के सरकारी आवास पर छापेमारी की। यह कार्रवाई मिरचाई बारी स्थित ऑफीसर कॉलोनी के क्वार्टर में की गई, जहां उनका सरकारी आवास है।
विज्ञापन
जांच की जा रही है गहन तलाशी
सूत्रों के मुताबिक, SVU की टीम भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों के आधार पर कार्यवाही कर रही है। टीम में कई वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हैं, जो आवास के भीतर दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की जांच कर रहे हैं।
श्वेता मिश्रा मौके पर नहीं, आवास सील
छापेमारी के समय श्वेता मिश्रा अपने आवास पर मौजूद नहीं थीं, इसलिए उनसे अभी तक कोई पूछताछ नहीं हो सकी। टीम ने उनके सरकारी क्वार्टर को सील कर दिया है और उनके लौटने का इंतजार कर रही है। माना जा रहा है कि उनसे पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया जा सकता है या गिरफ्तारी की भी संभावना है।
प्रशासनिक महकमे में मचा हड़कंप
स्पेशल विजिलेंस यूनिट की इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। श्वेता मिश्रा के खिलाफ पहले भी कार्यशैली को लेकर सवाल उठते रहे हैं, लेकिन यह पहली बार है जब उनके खिलाफ इतनी गंभीर कार्रवाई हुई है।