शोक में डूबे परिजन और मौके पर मौजूद ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
सीवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब में नहाने गए तीन भाइयों में से दो मासूम डूब गए, जबकि तीसरा बच्चा किसी तरह अपनी जान बचाकर घर पहुंचा और परिजनों को सूचना दी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है।
जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान मोहित कुमार (10) पिता मुन्ना पांडेय और मनु कुमार (9) पिता राकेश पांडेय के रूप में हुई है। मोहित कक्षा 6 का छात्र था। मनु अपने परिवार के साथ कोलकाता में रहता था और कुछ दिन पहले ही छुट्टी में गांव आया था।
यह भी पढ़ें- Bihar News: चांदन नदी में नहाने गए चार बच्चे डूबे, तीन अब भी लापता; SDRF की टीम तलाश में जुटी
रविवार को मनु ने अपने भाइयों को नहाने चलने के लिए कहा। साथ में सगे चाचा का बेटा मोहित और 7 वर्षीय सोनू भी तैयार हो गया। तीनों बिना परिवार को बताए तालाब पहुंचे। लगातार बारिश से पानी का स्तर बढ़ा हुआ था और गहराई का अंदाजा नहीं था। नहाते समय मनु और मोहित गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। सोनू किसी तरह किनारे आकर घर भागा और घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण दौड़कर तालाब पहुंचे। गोताखोरी कर घंटों प्रयास के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। फिर स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मोहित तीन बहनों और दो भाइयों में चौथे नंबर का था, जबकि मनु के एक भाई और एक बहन थी। इस घटना से राकेश पांडेय की गोद सूनी हो गई, अब उनके पास केवल एक बेटी है। गांव में गहरा सन्नाटा है और हर किसी की आंखें नम हैं।
यह भी पढ़ें- Bihar Crime: देसी कट्टा लेकर थाने पहुंचा सनकी युवक, पुलिस को चकमा देकर फरार; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
भगवानपुर हाट थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि तालाब में डूबने से दो किशोरों की मौत हुई है। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।