सीवान जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के गभीरार गांव में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के समय महिला बकरी चराकर घर लौट रही थी। अचानक बारिश के दौरान बिजली कड़कती हुई महिला पर गिरी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में महिला के आसपास की दो बकरियां भी जलकर मारी गईं। वहीं, दूर खड़ी एक अन्य महिला चंपा देवी भी बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज वर्तमान में सदर अस्पताल, सीवान में चल रहा है।
पढ़ें: नवरात्रि पर बिहार से गुजरने वाली 5 जोड़ी ट्रेनों का मैहर में ठहराव, श्रद्धालुओं को होगी बड़ी सहूलियत
मृतिका की पहचान आशा देवी (40 वर्ष) के रूप में की गई है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। परिजनों ने बताया कि मृतका रोज बकरी चराने जाती थीं। पिछले तीन-चार दिन से रुक-रुक कर बारिश हो रही थी। अचानक तेज बिजली कड़कने के बाद यह हादसा हुआ। गांव के लोगों ने दूर से देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया।