सारण में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच मकेर प्रखंड में तटबंध टूटने से बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। बाघा कोल और हैजलपुर गांव के समीप तटबंध टूटने के बाद पानी का तेज बहाव दर्जनों गांवों की ओर फैल गया। देखते ही देखते निचले इलाकों में पानी भर गया और कई घरों तक बाढ़ का पानी पहुंच गया। खेत जलमग्न हो गए, जबकि बड़ी संख्या में मवेशी भी पानी से घिर गए।
तटबंध टूटने के बाद ग्रामीणों के आवागमन वाले रास्तों पर भी पानी भर गया। कई परिवारों के सामने घर का सामान सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और मवेशियों को बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है। निचले इलाकों में पानी बढ़ने से ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ गई है।
प्रशासन की टीम मौके पर, युद्धस्तर पर मरम्मत
तटबंध टूटने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया है। टूटे तटबंध को तत्काल दुरुस्त करने के लिए युद्धस्तर पर काम चल रहा है, ताकि पानी के बहाव को नियंत्रित किया जा सके और आसपास के अन्य गांवों में पानी फैलने से रोका जा सके। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों और मवेशियों की सुरक्षा पर भी नजर रखी जा रही है। जरूरत के अनुसार प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।