सीवान में ट्रेन यात्री का ट्रॉली बैग चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। दो आरोपितों के घर छापेमारी में सोने-चांदी जैसे दिखने वाले बड़ी संख्या में आभूषण बरामद हुए। दोनों ने संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस वास्तविक स्वामियों की पहचान कर रही है।
ट्रेन में यात्री का ट्रॉली बैग चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले में दो प्राथमिक आरोपितों के घरों पर अलग-अलग छापेमारी कर बड़ी संख्या में सोने और चांदी जैसे दिखने वाले आभूषण बरामद किए हैं। महाराजगंज एसडीपीओ अमन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि छापेमारी के दौरान दोनों आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस बरामद आभूषणों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ उनके वास्तविक स्वामियों की पहचान करने में लगी है।
सरहरी रेलवे स्टेशन के पास हुई थी चोरी
दो आरोपितों के घर पुलिस ने की छापेमारी
कांड के अनुसंधान के दौरान तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद दरौंदा थाना क्षेत्र के बाल बंगरा निवासी जीतेन्द्र उर्फ जीतन यादव (45), पिता पारस यादव और सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र के एकमा निवासी देवनारायण प्रसाद (59), पिता स्वर्गीय बैजनाथ साह के घर अलग-अलग छापेमारी की गई। पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान दोनों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
जीतेन्द्र के घर से 31 तरह के आभूषण बरामद
बाल बंगरा निवासी जीतेन्द्र उर्फ जीतन यादव के घर से सोने जैसा दिखने वाला एक मंगलसूत्र, ढोलना, छोटा मंगलसूत्र, कान के झुमके, झाली, मांग टीका, गोल टॉप, बालियां, नाक की कील, टिकुली, लॉकेट, नथुनी, मंगलसूत्र की माला और पीले रंग की एक चेन बरामद की गई।
इसके अलावा चांदी जैसा दिखने वाला पांच कमरबंद, छह जोड़ी पायल, सात जोड़ी मेहंदी छल्ला, चांदी जैसी चोटी, कमर का चाबी रिंग, बाजूबंद, बाल का क्लिप, बच्चों के आभूषण, टूटे पायल, ब्रेसलेट, अंगूठी, छोटे-बड़े आभूषण और बिछिया समेत करीब 31 प्रकार के सामान बरामद किए गए।
वहीं, एकमा निवासी देवनारायण प्रसाद के घर से चांदी जैसा दिखने वाला दुल्हन पायल की दो जोड़ी, सोने जैसे दिखने वाले कान के बाली की एक जोड़ी, सोने जैसा दिखने वाला गले का छोटा हार, चांदी जैसी बाल की चोटी और सोने जैसा दिखने वाला छोटा कान का झुमका बरामद किया गया। इसके अलावा चांदी जैसा दिखने वाला दुल्हन पायल की आठ जोड़ी भी बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
वास्तविक स्वामियों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस द्वारा बरामद आभूषणों की वास्तविकता की जांच कराई जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद सामान किन-किन चोरी की घटनाओं से संबंधित हैं। पुलिस इनके वास्तविक स्वामियों की पहचान करने के साथ गिरोह में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।