एआईएमआईएम प्रत्याशी दीनानाथ मांझी ने किया नामांकन
- फोटो : अमर उजाला
असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के उम्मीदवार दीनानाथ मांझी ने भी गोपालगंज लोकसभा सीट से अंतिम दिन सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इस दौरान पार्टी के समर्थक उनके साथ मौजूद रहे। हाल ही में दिवंगत हुए पार्टी के नेता असलम मुखिया के बेटे अनस सलाम दीनानाथ मांझी के साथ नामांकन में कदम से कदम मिलाकर खड़े रहे।
‘जिले की चौकीदारी करेंगे, विकास के लिए काम करेंगे’
एआईएमआईएम प्रत्याशी दीनानाथ मांझी ने कहा कि उन्हें ओवैसी साहब की पार्टी ने जो सम्मान दिया है, इसके लिए वह दिवंगत नेता असलम मुखिया को श्रद्धांजलि देते हुए नमन करते हैं। आज उनके जैसे छोटे व्यक्ति को भी पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने कहा कि वह चौकीदार संघ के जिला स्तरीय नेता हैं और चुनाव में अगर जनता आशीर्वाद देती है तो जिले की चौकीदारी करेंगे।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उन्होंने झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार देश को गर्त में ले जा रही है। इस सरकार में गोपालगंज का विकास बिल्कुल नहीं हुआ है। अगर जनता उन्हें आशीर्वाद देती है तो वह गोपालगंज के विकास के लिए काम करेंगे।
भूत पूर्व सैनिक नवमी राम ने भी किया नामांकन
सेना से रिटायरमेंट के बाद जिले के माझा थाना क्षेत्र के मधु सरेया गांव निवासी भूत पूर्व सैनिक नवमी राम ने भी लोकसभा चुनाव में अपनी उम्मीदवारी पेश की। अंतिम दिन उन्होंने भी जिला निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय में अपना पर्चा दाखिल किया। नवमी राम ने कहा कि उन्होंने शुरू से ही देश सेवा की है। सेना में रहकर देश की सेवा करने के बाद अब जनता का आशीर्वाद लेकर गोपालगंज की सेवा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह किसी दल के उम्मीदवार नहीं हैं। वह जनता के उम्मीदवार हैं और जीतने के बाद जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का काम करेंगे।
वर्तमान सांसद के पड़ोसी बने उनके विरोधी
वर्तमान सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन के पड़ोसी यानी उनके पैतृक गांव जादोपुर दुखहरण निवासी अनिल राम सरपंच पति भी हैं। अनिल ने अपने पड़ोसी आलोक कुमार सुमन के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए अपना पर्चा जिला निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय में दाखिल कर दिया। उन्होंने कहा कि गोपालगंज में विकास कार्यों को गति देने और जनता के हक-हकूक की लड़ाई लड़ने के लिए वह चुनावी मैदान में आए हैं। जनता उन्हें अगर अपना आशीर्वाद देगी तो वह गोपालगंज का चौमुखी विकास करने के लिए दिन-रात प्रयास करेंगे।
बीएसपी प्रत्याशी ने दोबारा किया नामांकन
वहीं, बीएसपी उम्मीदवार सुजीत राम ने दोबारा पर्चा दाखिल किया। उन्होंने कहा कि पहले दिन उन्होंने सिंगल पर्चा दाखिल किया था। परंतु उन्हें कुछ गलती का संदेह हुआ, इसलिए दोबारा पूरे दल बल के साथ अपना पर्चा दाखिल किया है। ताकि दो सेट में पर्चा दाखिल होने से उनकी दावेदारी पुख्ता बनी रहे।