फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: 'मोदी सरकार के 11 साल ‘बेमिसाल, कांग्रेस सिर्फ घोटालों की सरकार थी'; केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह

Mon, 16 Jun 2025 05:13 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीवान

सार

Bihar: गिरिराज सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को सिवान की पावन धरती पर आने वाले हैं। उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर प्रधानमंत्री का स्वागत करें और उनकी बातों को सुनें।
विज्ञापन
केंद्रीय मंत्री - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोमवार को सिवान जिला अतिथिगृह में एक प्रेसवार्ता कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों के कार्यकाल को ‘बेमिसाल’ करार दिया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश में विकास की नई गाथा लिखी है, जबकि यूपीए सरकार के समय देश घोटालों में डूबा रहता था। गिरिराज सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के 11 साल और यूपीए के 11 सालों की तुलना कीजिए तो साफ दिखता है कि एक तरफ ‘उम्मीद की सरकार’ है और दूसरी तरफ ‘घोटालों की सरकार’।

विज्ञापन


कांग्रेस के शासनकाल में कोयला घोटाला, 2जी घोटाला, जमीन घोटाला, आकाश घोटाला जैसे अनेक भ्रष्टाचार के मामले सामने आए। कांग्रेस घोटालों की प्रतीक बन गई थी। उन्होंने आगे कहा, “मोदी जी की सरकार ने 27 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का काम किया है। कांग्रेस के शासनकाल में गरीबों के पास न रहने को पक्का घर था, न शौचालय, न पीने का पानी, न बिजली, न स्वच्छता, न इलाज की सुविधा। लेकिन मोदी सरकार ने इन बुनियादी सुविधाओं को देश के हर गरीब तक पहुंचाया।”

केंद्रीय मंत्री ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां
गिरिराज सिंह ने बताया कि कांग्रेस सरकार ने 29 सालों में सिर्फ 3 करोड़ घर बनाए, जबकि मोदी सरकार ने 11 सालों में 5 करोड़ से अधिक घर बनवाए। 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ। उज्ज्वला योजना के तहत गरीबों को मुफ्त गैस कनेक्शन दिया गया। प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र के जरिए सस्ती दवाएं मिल रही हैं। आयकर में छूट दी गई है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार में गैस कनेक्शन सांसद के कूपन से मिलता था, लेकिन आज कूपन की जरूरत नहीं है। हर गरीब के घर तक गैस पहुंचाया गया है। 2029 तक बिहार के घर-घर में पाइपलाइन से गैस आपूर्ति का लक्ष्य रखा गया है।

डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर से भ्रष्टाचार पर लगाम

विज्ञापन

गिरिराज सिंह ने कहा कि आज जनधन खातों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के खाते में जा रहा है। कांग्रेस के समय कहा जाता था कि एक रुपये भेजो तो 75 पैसे बीच में खा लिए जाते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं है। देश का गरीब अब यूपीआई से डिजिटल लेन-देन कर रहा है। यह देश में आए बदलाव का संकेत है।

रेलवे-स्वास्थ्य-एयरपोर्ट विकास का भी किया जिक्र
उन्होंने बताया कि मोदी सरकार ने रेलवे स्टेशनों को नए रूप में विकसित किया है, पटरियों को बदला जा रहा है। देश में नए एम्स खुल रहे हैं, मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ रही है। हवाई अड्डों की संख्या में भी अभूतपूर्व वृद्धि हुई है।

पढ़ें: नालंदा में विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में हुआ मौत, पीहर पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

प्रधानमंत्री के आगमन की दी जानकारी
गिरिराज सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को सिवान की पावन धरती पर आने वाले हैं। उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर प्रधानमंत्री का स्वागत करें और उनकी बातों को सुनें।

लालू यादव पर साधा निशाना
प्रेसवार्ता के दौरान गिरिराज सिंह ने आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कल एक चैनल पर देखा कि लालू प्रसाद यादव तलवार से केक काट रहे थे, स्कूटर पर चारा ढो रहे थे। उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर को पैरों के पास रखकर फोटो खिंचवाया, यह अत्यंत निंदनीय है। उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए।”

भाजपा के कई नेता रहे मौजूद

विज्ञापन

इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष राहुल तिवारी, जिला प्रभारी उमेश प्रधान, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष सत्यम सिंह, धर्मेंद्र पटेल, मीडिया प्रभारी आदित्य कुमार पाठक, भाजपा नेता मनोज राम, राकेश कुमार पांडेय उर्फ कल्लू पांडेय, सौरव कुशवाहा सहित कई अन्य पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें