सीवान जिले के गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र स्थित एक पोस्ट ऑफिस में पदस्थापित बड़ा बाबू विजय मांझी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव सोमवार को पोस्ट ऑफिस के कार्यालय में फंदे से लटका हुआ मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के भाई अशोक मांझी ने हत्या का आरोप लगाते हुए पोस्ट ऑफिस के स्टाफ और एक निजी कर्मचारी पर गला दबाकर मारने के बाद आत्महत्या का रूप देने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है।
विजय मांझी गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के हहवा गांव के रहनेवाले थे और बीते एक साल से स्थानीय पोस्ट ऑफिस में बड़ा बाबू के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के मुताबिक, विजय के ज्वाइन करने से पहले पोस्ट ऑफिस से बड़ी रकम की कथित तौर पर अवैध निकासी हुई थी, जिसमें उनसे जबरन दस्तखत करवाए गए थे। इसी को लेकर उनका अक्सर ऑफिस स्टाफ और एक निजी कर्मी से विवाद होता रहता था। विजय ने इस गड़बड़ी की शिकायत उच्चाधिकारियों से करने की बात भी कही थी।
भाई अशोक मांझी का कहना है कि सोमवार सुबह विजय ड्यूटी पर निकले थे, लेकिन दोपहर में उनका शव ऑफिस में फंदे से लटका मिला। उन्हें आशंका है कि पहले विजय की गला दबाकर हत्या की गई और बाद में इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
पढ़ें: मनेरशरीफ में पर्यटन विभाग द्वारा किया जा रहा सौंदर्यीकरण का कार्य, दो थिमेटिक गेट का निर्माण हुआ पूरा
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने देखा कि घटना के बाद पोस्ट ऑफिस का पूरा स्टाफ कार्यालय छोड़कर फरार हो गया है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की छानबीन की जा रही है।घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, वहीं पुलिस आरोपों की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।